अगरतला, 28 जून त्रिपुरा वर्तमान शैक्षणिक सत्र से सभी सामान्य डिग्री कॉलेजों में राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) लागू करने की तैयारी में है। यह जानकारी एक अधिकारी ने दी।
पूर्वोत्तर राज्य में केंद्रीय संस्थान त्रिपुरा विश्वविद्यालय और राज्य द्वारा संचालित महाराजा बीर बिक्रम विश्वविद्यालय के तहत 25 सामान्य डिग्री कॉलेज हैं।
उच्च शिक्षा निदेशक नृपेंद्र शर्मा ने बुधवार को कहा, ‘‘सभी सामान्य डिग्री कॉलेज में प्रवेश एनईपी-2021 के आधार पर होगा। इस नीति के तहत, छात्रों को ‘एक्जिट विंडो’ के साथ चार साल का डिग्री पाठ्यक्रम पेश किया जाएगा।’’
शर्मा के अनुसार जो छात्र तीन साल का स्नातक पाठ्यक्रम चुनना चाहते हैं, उन्हें भी स्नातक की डिग्री प्रदान की जाएगी।
उन्होंने कहा कि चार साल के कार्यक्रम को सफलतापूर्वक पूरा करने वालों को प्रमुख विषयों में स्नातक ऑनर्स की डिग्री दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी डिग्री कॉलेजों में व्यावसायिक पाठ्यक्रम भी शुरू किए गए हैं।
कॉलेजों में निर्धारित 28,342 सीटें हैं और प्रवेश के लिए 49,662 छात्रों ने आवेदन किया है।
उन्होंने कहा, "49,662 छात्रों में से एक बड़ी संख्या मेडिकल, इंजीनियरिंग और अन्य व्यावसायिक पाठ्यक्रमों का विकल्प चुनेगी।"
उन्होंने आश्वासन दिया कि शेष छात्रों को सामान्य डिग्री कॉलेजों में पढ़ने का अवसर मिलेगा लेकिन सीमित सीटों के कारण उन सभी को अपनी पसंद का संस्थान नहीं मिल पाएगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY