रायपुर, 25 फरवरी छत्तीसगढ़ विधानसभा में मंगलवार को पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि दी गई।
मनमोहन सिंह का पिछले वर्ष दिसंबर में निधन हो गया था।
सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह ने मनमोहन सिंह के निधन का उल्लेख किया और उन्हें श्रद्धांजलि दी।
मनमोहन सिंह के योगदान को याद करते हुए रमन सिंह ने कहा कि उन्हें आर्थिक उदारीकरण और आर्थिक सुधारों का अग्रदूत माना जाता है।
उन्होंने कहा,‘‘ अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों पर ले जाने में उनका (मनमोहन सिंह का) योगदान अविस्मरणीय है। वह हमेशा विनम्र और मृदुभाषी स्वभाव तथा सादगी वाले व्यक्ति के रूप में जाने जाते थे।’’
अध्यक्ष ने कहा कि उनके निधन से देश ने एक वरिष्ठ राजनेता, एक कुशल प्रशासक और एक अर्थशास्त्री खो दिया है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मनमोहन सिंह को एक असाधारण विद्वान और विनम्र व्यक्ति बताया।
साय ने कहा, ‘‘मुझे सांसद रहते हुए डॉक्टर मनमोहन सिंह जी से बहुत कुछ सीखने का सौभाग्य मिला। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने राज्यसभा में उनके कार्यकाल के अंत में उनके लिए जो कहा था, वह आज भी स्मरणीय है।’’
मुख्यमंत्री ने कहा,‘‘मनमोहन सिंह जी ने व्हीलचेयर पर बैठकर भी एक विधेयक पर मतदान किया था, जो इस बात का उदाहरण है कि एक सांसद अपनी जिम्मेदारियों के प्रति कितना सजग होता है। वह लोकतंत्र को मजबूती देने के लिए सदन में आए थे।’’
उन्होंने कहा कि असाधारण विद्वान और विनम्र डॉक्टर मनमोहन सिंह जी ने सार्वजनिक जीवन में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं तथा रिजर्व बैंक में गवर्नर, केंद्र में वित्त मंत्री और प्रधानमंत्री के पदों को सुशोभित किया।
साय ने कहा, ‘‘उनका जीवन हम सभी के लिए हमेशा प्रेरणादायी रहेगा।’’
नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा उनके योगदान को याद किया।
सदस्यों ने दिवंगत नेता के सम्मान में कुछ मिनट का मौन रखा और फिर अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही पांच मिनट के लिए स्थगित कर दी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY