देश की खबरें | मोदी समेत भाजपा के शीर्ष नेताओं ने दी जेटली को श्रद्धांजलि
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नयी दिल्ली, 28 दिसंबर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिवंगत भाजपा नेता अरुण जेटली को उनकी जयंती पर सोमवार को श्रद्धांजलि दी और कहा कि उनका ओजस्वी और गर्मजोशीपूर्ण व्यक्तित्व, बुद्धिमत्ता, कानूनी समझ तथा हाजिरजवाबी की कमी वे सभी लोग महसूस करते हैं, जो उनके काफी निकट थे ।

अन्य भाजपा नेताओं ने भी पूर्व वित्त मंत्री को याद किया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। जेटली सालों तक पार्टी के सबसे प्रखर नेताओं में गिने जाते रहे और उन्हें सबसे तीक्ष्ण राजनीतिक समझ रखने वाले नेताओं में से एक माना जाता था।

जेटली का जन्म 1952 में हुआ था। उनका पिछले साल अगस्त में निधन हो गया था।

मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘मैं अपने मित्र अरुण जेटली जी को उनकी जयंती पर याद कर रहा हूं। उनके ओजस्वी व्यक्तित्व, बुद्धिमत्ता, कानूनी समझ और हाजिरजवाबी को वे सभी लोग याद करते हैं, जिन्होंने उनसे निकटता से बातचीत की है। उन्होंने भारत की प्रगति के लिए अथक मेहनत की।’’

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि जेटली असाधारण सांसद थे, जिनके ज्ञान और अंतर्दृष्‍टि के सानी बहुत कम हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘उन्होंने देश की राजनीति में चिरस्थायी योगदान दिया और पूरे उत्साह एवं समर्पण के साथ देश की सेवा की।’’

भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने कहा कि जेटली को एक प्रखर वक्ता एवं सक्षम रणनीतिकार के तौर पर याद किया जाएगा।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि पार्टी को मजबूत करने में जेटली की भूमिका को हमेशा याद किया जाएगा।

सिम्मी नरेश

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)