रीवा, एक जुलाई मध्यप्रदेश के रीवा शहर का एक पुलिस थाना दो लोगों के बीच एक बकरे के मालिकाना हक के एक असामान्य मामले को सुलझाने की कोशिश कर रहा है। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि संजय खान और शाहरुख खान के बीच दो साल के बकरे का मालिक होने का विवाद खड़ा हो गया। उन्होंने कहा कि अपनी असहमति को समाप्त करने में नाकाम होने के बाद उन्होंने बुधवार को पुलिस से मदद मांगी।
निरीक्षक हतेंद्र नाथ शर्मा ने कहा कि 20 साल की आयु के दोनों लोग सफेद और भूरे रंग के एक बकरे का मालिक होने का दावा करते हैं।
अधिकारी ने बताया कि संजय ने कहा कि उसने जानवर को पाला था लेकिन करीब छह महीने पहले वह लापता हो गया, जबकि शाहरुख ने दावा किया कि उसने बकरीद पर कुर्बानी देने के लिए हाल ही में 15 हजार रुपए में बकरा खरीदा था।
उन्होंने बताया, ‘‘ हमने दोनों से अपने दावों को साबित करने के लिए सबूत पेश करने के लिए कहा है।’’
उन्होंने कहा कि अगले दिन ही संजय और शाहरुख एक बकरे की तस्वीरें लेकर आए जो विवादित जानवर के समान दिख रही थी जिससे मामला और उलझ गया।
अधिकारी ने कहा कि वे बकरे को पुलिस थाने में नहीं रख सकते क्योंकि इसकी मिमियाहट से उन्हें परेशानी होती है। उन्होंने कहा, “हमें बकरे को खाना खिलाना भी मुश्किल हो रहा था। इसलिए हमने दोनों के बीच समझौता कराने के लिए स्थानीय वार्ड पार्षद को बुलाया है।’’
उन्होंने कहा कि फिलहाल, संजय बकरे को अपने पास रखेंगे लेकिन दोनों दावेदारों से कहा गया है कि वे इसे किसी भी तरह से नुकसान न पहुंचाएं और उन्होंने इस संबंध में शपथ पत्र जमा कर दिया है।
शर्मा ने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि संजय ने छह महीने पहले बकरा खो दिया था, जिसे किसी अन्य ने इसे शाहरुख को बेच दिया। उन्होंने कहा कि आप देख सकते हैं कि बकरा कागज पर नहीं बेचा जाता है, इसलिए इसका स्वामित्व तय करना मुश्किल है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY