देश की खबरें | टीएमसी की महिला इकाई ने मणिपुर हिंसा के खिलाफ रैली निकाली

कोलकाता, 26 जुलाई मणिपुर में जातीय संघर्ष और महिलाओं के खिलाफ अत्याचार के विरोध में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की महिला शाखा ने बुधवार को कोलकाता में एक विरोध रैली निकाली और पार्टी ने पूर्वोत्तर राज्य और केंद्र की सरकारों को हिंसा के लिए जिम्मेदार ठहराया।

तृणमूल महिला कांग्रेस की प्रदेश प्रमुख और मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य के नेतृत्व में दक्षिण कोलकाता के गरियाहाट इलाके में विरोध रैली निकाली गई।

मार्च में दक्षिण कोलकाता से टीएमसी सांसद माला रॉय और पार्टी के अन्य नेता भी शामिल हुए।

टीएमसी की महिला कार्यकर्ताओं ने अपने माथों पर काली पट्टी बांधी हुई थी और वे पोस्टर तथा तख्तियां पकड़ी हुई थी, तथा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ नारेबाज़ी की।

भट्टाचार्य ने दावा किया, “पूर्वोत्तर राज्य में जारी संकट के लिए मणिपुर और केंद्र में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकारें जिम्मेदार हैं। भाजपा का नारा 'बेटी बचाओ' उसके वास्तविक इरादों, 'बेटी जलाओ' के विपरीत है। वे इसे मणिपुर और देश के अन्य हिस्सों में कर रहे हैं।”

उन्होंने कहा कि टीएमसी की महिला शाखा इस मुद्दे पर अगले महीने राज्य के विभिन्न हिस्सों में विरोध रैलियां निकालेगी।

पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि केंद्र और मणिपुर में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकारों की "विभाजनकारी" नीतियों के कारण पूर्वोत्तर राज्य में जातीय संघर्ष हुआ है।

विरोध रैली पर प्रतिक्रिया देते हुए, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता समिक भट्टाचार्य ने कहा कि टीएमसी को पहले "राज्य में महिलाओं के खिलाफ अत्याचार" के विरोध में रैली निकालनी चाहिए।

उन्होंने कहा, “ पश्चिम बंगाल में महिलाओं के खिलाफ अत्याचार पर वे चुप क्यों हैं? यह हमारे राज्य में सामान्य मामला है क्योंकि यहां कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो गई है।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)