देश की खबरें | तीस हजारी गोलीबारी : अदालत ने दो अधिवक्ताओं को तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेजा

नयी दिल्ली, सात जुलाई दिल्ली की एक स्थानीय अदालत ने तीस हजारी अदालत परिसर में हुई गोलीबारी में कथित तौर पर संलिप्त दो प्रतिद्वंद्वी नेताओं को शुक्रवार को तीन दिन के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया।

अदालत ने शुक्रवार को दिल्ली बार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष मनीष शर्मा और एसोसिएशन के सचिव अतुल शर्मा के भाई ललित शर्मा को पुलिस हिरासत में भेज दिया। इससे एक दिन पहले अदालत ने मामले में तीन अन्य वकीलों को भी चार दिन की पुलिस हिरासत में भेजा था।

पुलिस के मुताबिक बुधवार को अदालत परिसर में हुई गोलीबारी में दो प्रतिद्वंद्वी गुट संलिप्त थे। उसने आरोप लगाया कि दिल्ली बार एसोसिएशन के एक पदाधिकारी ने संगठन के अन्य पदाधिकारी के समर्थकों पर गोली चलाई। सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में दिख रहा है कि एक व्यक्ति हवा में गोलियां चला रहा है जबकि कुछ लोग पत्थर और लकड़ी की तख्तियां फेंक रहे हैं।

मनीष शर्मा और ललित शर्मा को पुलिस हिरासत में भेजने के साथ महानगर दंडाधिकारी छतिंदर सिंह ने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि आरोपियों को यातना नहीं दी जाए एवं उन्हें डॉक्टर द्वारा लिखी दवा का सेवन करने दिया जाए।

गोलीबारी की घटना के कुछ घंटों के भीतर ही बुधवार को दिल्ली बार काउंसिल ने मनीष शर्मा का वकालत लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही उन्हें शुक्रवार को एसोसिएशन के समक्ष पेश होने का निर्देश दिया गया।

शर्मा के वकील ने बताया कि उन्होंने दिल्ली बार काउंसिल में अपने मुवक्किल का पक्ष रखा क्योंकि आरोपी इस समय पुलिस हिरासत में हैं। अधिवक्ता संजय शर्मा ने कहा, ‘‘ दिल्ली बार काउंसिल ने लिखित जवाब देने के लिए चार सप्ताह का समय दिया है और मनीष शर्मा को 25 अगस्त को पेश होने को कहा गया है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)