देश की खबरें | रायबरेली में तेज बारिश से पक्का मकान ढहने पर तीन वर्षीय बच्चे की मौत, तीन लोग घायल

रायबरेली (उप्र) 16 सितंबर रायबरेली सदर कोतवाली क्षेत्र के मुर्रैयापुर मुहल्ले में शुक्रवार की सुबह तेज बारिश के कारण एक पक्का मकान गिर जाने से पूरा परिवार मलबे में दब गया, जिसमें तीन वर्षीय बच्चे की मौत हो गयी। पुलिस ने यह जानकारी देते हुए कहा कि बच्चे की मां और भाई-बहन भी मकान गिरने से घायल हो गये।

पुलिस और प्रशासन के अधिकारी घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे। जिलाधिकारी माला श्रीवास्तव ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों की जानकारी ली।

जिला प्रशासन की ओर से दी गयी जानकारी के अनुसार मुर्रैयापुर मुहल्ला निवासी राजन कश्‍यप अपने घर में पत्नी मंजू, बेटे रजत (10) व रजनीश (तीन) और बेटी रजनी (आठ) के साथ थे।

सुबह एकाएक बारिश से छत भरभराकर गिर गयी और पूरा परिवार मलबे में दब गया। सभी घायलों को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने रजनीश को मृत घोषित कर दिया।

घायलों में रजत, रजनी और मंजू की हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही उप जिलाधिकारी (सदर) शिखा शंखवार मौके पर पहुंचीं और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया।

जिला अस्पताल पहुंचीं जिलाधिकारी ने घायलों का हाल जाना और चिकित्सकों से उनकी स्थिति की जानकारी ली।

जिलाधिकारी श्रीवास्तव ने कहा कि इस हादसे में घायल हुए लोगों के बेहतर और समुचित उपचार के निर्देश दिये गये हैं।

सं. आनन्द

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)