उडुपी, 25 मई कर्नाटक के उडुपी में एक गिरोह के सदस्यों के बीच हुई झड़प में कथित संलिप्तता के लिए तीन लोगों को शनिवार को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से घातक हथियार जब्त किये गये। पुलिस ने यह जानकारी दी।
उसके अनुसार 18 मई की रात में दो कारों में चार-चार लोग बैठे थे और उडुपी थानाक्षेत्र के कुंजीबेट्टू में वे सड़कों पर एक-दूसरे से उलझ गये। वे सभी ‘गरुड़ गिरोह’ से जुड़े थे।
पुलिस ने कहा कि इन लोगों ने संपत्ति संबंधी एक विवाद को ‘निपटाने’ के लिए एक दूसरे पर हथियारों पर हमला करने का प्रयास किया।
सड़क पर भिड़ंत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया जिसके बाद पुलिस हरकत में आयी। उसने तीन व्यक्तियों-- आशिक, राकिब और साकलिन को गिरफ्तार किया। पुलिस ने चाकू एवं दो कारों को भी जब्त किया।
पुलिस अधीक्षक अरूण के. ने कहा, ‘‘ इस संबंध में उडुपी थाने में एक प्राथमिकी दर्ज की गयी है। हम इस घटना में शामिल अन्य व्यक्तियों की तलाश कर रहे हैं जो फरार हैं।’’
सीसीटीवी फुटेज में नजर आ रहा है कि एक सफेद कार पीछे हट रही है और वहां से भागने से पहली भूरी कार में टक्कर मार रही है। तब भूरी कार का एक व्यक्ति हथियार लहराते हुए उसके पीछे दौड़ता है। सफेद कार उसे टक्कर मारकर गिरा देती है और वह घायल हो जाता है।
भाजपा की कर्नाटक इकाई ने ‘एक्स पर इस घटना का कथित वीडियो साझा किया तथा राज्य में कथित रूप से ‘बिगड़ती कानून व्यवस्था’ को लेकर सिद्धरमैया की अगुवाई वाली कांग्रेस सरकार की आलोचना की । उसने ‘कांग्रेस फेल्स कर्नाटक’ हैशटैग का इस्तेमाल किया।
भाजपा ने आरोप लगाया, ‘‘ कर्नाटक मॉडल। गैंगवार, महिलाओं का बलात्कार, हमला, हत्या, बम विस्फोट, गांजा, अफीम , रेव पार्टी , पाकिस्तानी जिंदाबार के नारे आदि कर्नाटक की कांग्रेस सरकार में आम बातें हैं।,,,’’
पार्टी ने कहा, ‘‘ यह कर्नाटक मॉडल है जिसे कांग्रेस देश को दिखा रही है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY