इम्फाल, 25 नवंबर कुकी-जो समुदाय से आने वाले मणिपुर के तीन विधायकों को राज्य विधानसभा की विभिन्न समितियों के अध्यक्ष पद से हटा दिया गया है। आधिकारिक अधिसूचनाओं में यह जानकारी दी गई है।
विधानसभा के एक बुलेटिन में कहा गया है कि मायांगलमबम रामेश्वर को विधानसभा अध्यक्ष ने सार्वजनिक उपक्रम समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह पद पहले एल. एम. खौटे के पास था, जो चुराचांदपुर सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं।
मायांगलमबम काकचिंग विधानसभा क्षेत्र से नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) के विधायक हैं।
एक अन्य बुलेटिन में कहा गया कि माओ निर्वाचन क्षेत्र से नगा पीपुल्स फ्रंट (एनपीएफ) के विधायक लोसी दिखो को सरकारी आश्वासन संबंधी समिति के अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया गया। यह पद पहले सैतू निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय विधायक हाओखोलेट किपगेन के पास था।
चुराचांदपुर जिले के थानलॉन निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा विधायक वुंगजागिन वाल्टे के स्थान पर लामलाई से भाजपा विधायक के इबोम्चा को विधानसभा पुस्तकालय समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
मणिपुर में मेइती और कुकी समुदाय के बीच जातीय हिंसा की शुरुआत के दौरान भीड़ द्वारा हमला किए जाने के बाद वाल्टे गंभीर रूप से घायल हो गये थे।
नियुक्तियों से संबंधित बुलेटिन बुधवार को जारी किए गए थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY