शिमला, 30 दिसंबर हिमाचल प्रदेश विधानसभा का तीन दिवसीय शीतकालीन सत्र चार जनवरी से धर्मशाला में आयोजित किया जाएगा। शुक्रवार को यहां जारी एक अधिसूचना में यह जानकारी दी गई।
चौदहवीं विधानसभा का पहला सत्र 22 दिसंबर से आयोजित होना था लेकिन मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के 19 दिसंबर को कोविड-19 से संक्रमित पाए जाने के बाद इसे पुनर्निर्धारित किया गया था।
नवनिर्वाचित विधायकों को सत्र के पहले दिन शपथ दिलाई जाएगी जबकि दूसरे दिन अध्यक्ष का चुनाव और राज्यपाल का अभिभाषण होगा।
अधिसूचना के अनुसार, विधानसभा अंतिम दिन राज्यपाल के अभिभाषण पर बहस करेगी और पारित करेगी।
विधानसभा के वरिष्ठतम सदस्य के रूप में कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त किए गए चंदर कुमार नव निर्वाचित विधायकों को पद की शपथ दिलाएंगे और नए अध्यक्ष के चुने जाने तक अध्यक्ष के रूप में कार्य करेंगे।
कांग्रेस ने पहाड़ी राज्य की 68 सदस्यीय विधानसभा में 40 सीटें जीतकर हिमाचल प्रदेश की सत्ता भाजपा से छीनी थी। भारतीय जनता पार्टी ने यहां 25 सीटों पर जीत हासिल की, जबकि तीन सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY