देश की खबरें | राघव चड्ढा सहित तीन ‘आप’ नेताओं ने पंजाब से राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली

नयी दिल्ली, दो मई आम आदमी पार्टी (आप) के तीन नेताओं-राघव चड्ढा, अशोक मित्तल और संजीव अरोड़ा ने सोमवार को पंजाब से ‘आप’ के राज्यसभा सदस्य के तौर पर शपथ ग्रहण की।

उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू ने ‘आप’ के नवनिर्वाचित सदस्यों को संसद भवन स्थित अपने कक्ष में शपथ दिलाई।

नायडू ने नए सदस्यों को विभिन्न प्रकाशनों को पढ़ने की सलाह दी, जिनमें ‘राज्यसभा एट वर्क’, ‘प्रैक्टिस एंड प्रोसीजर ऑफ पार्लियामेंट’, ‘मेम्बर्स हैंडबुक’ और ‘रूल बुक’ सहित अन्य शामिल हैं, ताकि वे सदन की प्रक्रिया से परिचित हो सकें तथा उसके कामकाज के बारे में अपना ज्ञान बढ़ा पाएं।

चड्ढा जहां ‘आप’ के वरिष्ठ नेता हैं, वहीं मित्तल फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) के संस्थापक हैं, जो राज्य का पहला निजी विश्वविद्यालय है।

माना जाता है कि चड्ढा ने हाल ही में संपन्न पंजाब विधानसभा चुनाव में ‘आप’ की शानदार जीत में अहम भूमिका निभाई थी। वह पंजाब में ‘आप’ के राजनीतिक मामलों के सह-प्रभारी थे, जहां पार्टी ने 92 विधानसभा सीट पर फतह हासिल की थी।

चड्ढा ने उन्हें यह बड़ी जिम्मेदारी देने के लिए केजरीवाल का आभार जताया। उन्होंने कहा, “पंजाब और देश की समस्याओं को उठाने के लिए इस मंच का इस्तेमाल करूंगा।”

वहीं, अरोड़ा लुधियाना के जाने-माने व्यवसायी हैं, जो कृष्णा प्राण ब्रेस्ट कैंसर चैरिटेबल ट्रस्ट चलाते हैं। उन्होंने अपने माता-पिता को कैंसर के कारण खोने के बाद इस ट्रस्ट की स्थापना की थी। यह ट्रस्ट 160 से अधिक कैंसर रोगियों का मुफ्त इलाज कर चुका है।

अरोड़ा लुधियाना स्थित दयानंद मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के गवर्निंग बोर्ड और पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन की शीर्ष परिषद के भी सदस्य हैं।

उन्होंने कहा, “संसद के ऊपरी सदन में जिम्मेदारी सौंपी जाना सम्मान की बात है। मुझे दिए गए कार्यों को मैं अपनी पूरी क्षमता से पूरा करने का प्रयास करूंगा। मैं अपने लोगों की तरक्की और विकास के लिए हर संभव प्रयास करूंगा।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)