देश की खबरें | ‘विश्वासघात’ करने वाले अन्य को प्याज नहीं खाने की सलाह दे रहे हैं: आदित्य ठाकरे

मुंबई, 22 अगस्त शिवसेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे ने महाराष्ट्र के मंत्री दादा भूसे की प्याज संबंधी टिप्पणी को लेकर मंगलवार को उन पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जिन्होंने भोजन की शपथ खाई और "विश्वासघात" किया, वे दूसरों प्याज न खाने की सलाह दे रहे हैं।

प्याज की कीमतों में हाल के दिनों में तेजी देखी गई है।

ठाकरे ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि महाराष्ट्र में भुसे जैसे मंत्री हैं, जो मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली सत्तारूढ़ शिवसेना के प्रमुख सदस्य हैं।

पूर्व कैबिनेट मंत्री ठाकरे ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘जिन्होंने भोजन की शपथ खाई और विश्वासघात किया, वे दूसरों को प्याज न खाने की सलाह दे रहे हैं। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि महाराष्ट्र में ऐसे मंत्री हैं।’’

केंद्र सरकार द्वारा प्याज पर 40 प्रतिशत का निर्यात शुल्क लगाने के खिलाफ किसानों और व्यापारियों के विरोध प्रदर्शन के बीच सोमवार को भुसे ने कहा कि अगर लोग 2 से 4 महीने तक प्याज नहीं खाएंगे तो इससे कोई फर्क नहीं पड़ेगा।

उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली तत्कालीन महा विकास आघाड़ी सरकार में मंत्री के रूप में कार्य कर चुके भुसे शिवसेना के उन 40 विधायकों में शामिल थे, जिन्होंने पिछले साल पार्टी (शिवसेना) नेतृत्व के खिलाफ बगावत की थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)