देश की खबरें | इस बार चुनाव लड़ने का वैसा मन नहीं है जैसा पहले रहता था : सिंहदेव

अंबिकापुर, 29 दिसंबर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ कथित मनमुटाव के मध्य राज्य के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने बृहस्पतिवार को कहा कि इस बार चुनाव लड़ने का वैसा मन नहीं है जैसा पहले रहता था।

हालांकि उन्होंने कहा कि वह कोई भी फैसला लेने से पहले अपने समर्थकों से पूछेंगे।

सिंहदेव ने इस महीने की 20 तारीख को कहा था कि वह 2023 में होने वाले राज्य विधानसभा चुनावों से पहले अपने भविष्य के बारे में फैसला करेंगे। उनके इस बयान ने राज्य में राजनीतिक हलचल पैदा कर दी थी।

जिले में एक कार्यक्रम के दौरान संवाददाताओं ने उनके चुनाव लड़ने के फैसले के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा, ''क्योंकि फैसला नहीं लिया है, इसलिए तब तक का इंतजार। मेरे लिए भी, सभी के लिए भी। मैंने इस बार सही में मन नहीं बनाया है, वरना अभी तक जितने भी चुनाव हुए हैं 2008, 2013 और 2018, इसके पहले भी मन में था कि लड़ूंगा। इस बार वैसा मन नहीं है। लेकिन जो भी करूंगा पूछकर करूंगा। इस बार मेरा मन चुनाव लड़ने का वैसा नहीं जैसा पहले रहता था।''

इस वर्ष जुलाई माह में सिंहदेव ने पंचायत और ग्रामीण विकास विभाग से त्यागपत्र दे दिया था। हालांकि उन्होंने अन्य चार विभागों को अपने पास ही रखा है।

सिंहदेव के समर्थकों के अनुसार वर्ष 2018 में कांग्रेस के सत्ता में आने पर यह तय किया गया था कि उन्हें आधे कार्यकाल के लिए मुख्यमंत्री बनाया जाएगा, लेकिन पार्टी नेतृत्व ने इस बात से इनकार किया है कि ऐसा कुछ तय किया गया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)