देश की खबरें | रेणुकास्वामी हत्याकांड में अभिनेता दर्शन को बचाने का मुझपर कोई दबाव नहीं है: सिद्धरमैया

बेंगलुरु, 19 जून कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने बुधवार को कहा कि हत्या के मामले में कन्नड़ अभिनेता दर्शन थूगुदीप को बचाने का उनपर किसी मंत्री या विधायक की ओर से कोई दबाव नहीं है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि वह ऐसे अनुरोधों पर विचार नहीं करेंगे।

उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘ऐसी अफवाह हैं कि मुझपर दबाव है जो सच नहीं है। कहीं कोई दबाव नहीं है। न तो किसी मंत्री की ओर से और न ही किसी विधायक की ओर से। ये सब बातें सच्चाई से दूर हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘यदि कोई मुझपर दबाव डालेगा तो भी मैं उसके अनुरोधों पर विचार नहीं करूंगा। हमने पुलिस को खुली छूट दी है और मैंने उससे कानून के मुताबिक कार्रवाई करने को कहा है।’’

इस मामले की सुनवाई के लिए सरकार द्वारा नियुक्त विशेष सरकारी वकील को बदलने के बारे में पूछे जाने मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें ऐसी कोई जानकारी नहीं है।

उन्होंने कहा, ‘‘पहली बात कि (विशेष सरकारी वकील को) बदलने का कोई प्रस्ताव नहीं है।’’

अभिनेता दर्शन के प्रशंसक रेणुकास्वामी को उसके गृहनगर चित्रदुर्ग से ‘फैन क्लब’ का एक प्रमुख सदस्य अगवा कर बेंगलुरु ले आया था। यहां रेणुकास्वामी का उत्पीड़न किया गया एवं उसकी हत्या कर दी गयी और नौ जून को उसका शव मिला था।

पुलिस सूत्रों के अनुसार रेणुकास्वामी ने दर्शन की दोस्त पवित्रा गौड़ा को अश्लील संदेश भेजे थे जिससे अभिनेता नाराज हो गये थे, फलस्वरूप उसकी (रेणुकास्वामी) कथित रूप से हत्या कर दी गयी।

इस हत्याकांड में कन्नड़ अभिनेता दर्शन और उनकी दोस्त पवित्रा गौड़ा को 15 अन्य लोगों के साथ गिरफ्तार किया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)