देश की खबरें | रेलगाड़ियों में आरपीएफ जवानों को राइफल की जगह पिस्तौल देने का कोई निर्देश नहीं है: मध्य रेलवे

मुंबई, चार अगस्त मध्य रेलवे (सीआर) ने शुक्रवार को कहा कि रेलवे बोर्ड ने हाल में रेलगाड़ी में हुई गोलीबारी की घटना के मद्देनजर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों को राइफल की जगह पिस्तौल देने का कोई निर्देश नहीं दिया गया है।

अमृत भारत स्टेशन योजना के बारे में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए सीआर के महाप्रबंधक नरेश लालवानी ने कहा कि ऐसा कोई संचार प्राप्त नहीं हुआ है।

लालवानी ने कहा कि उन्होंने भी आरपीएफ को राइफल के स्थान पर पिस्तौल देने का कोई निर्देश जारी नहीं किया है।

रेलवे बोर्ड ने उस घटना की जांच के लिए एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया है जिसमें आरपीएफ कांस्टेबल चेतन सिंह ने 31 जुलाई को जयपुर-मुंबई सेंट्रल एक्सप्रेस (पश्चिम रेलवे) में सहायक उपनिरीक्षक टीकाराम मीणा और तीन यात्रियों की गोली मारकर हत्या कर दी थी।

आरपीएफ कर्मियों को स्वचालित राइफल प्रदान करने का निर्णय मुंबई में 26 नवंबर, 2008 को हुए आतंकवादी हमले के बाद लिया गया था।

मीडिया के वर्ग ने खबर दी थी कि 31 जुलाई की घटना के बाद आरपीएफ जवानों को राइफल के स्थान पर पिस्तौल देने का एक प्रस्ताव दिया गया है।

लालवानी ने अमृत भारत स्टेशन योजना के बारे में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी छह अगस्त को मुंबई के तीन स्टेशनों सहित देशभर के रेलवे स्टेशनों पर सुधार कार्यों की आधारशिला रखेंगे।

इस योजना के तहत मध्य रेलवे के 76 रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण की परिकल्पना की गई है। उन्होंने कहा, ‘‘38 स्टेशनों पर आधारशिला रखी जाएगी।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)