तिरूवनंतपुरम, 19 जुलाई कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने बुधवार को कहा कि केरल के पूर्व मुख्यमंत्री ओमन चांडी का निधन पार्टी के लिये ‘‘अपूरणीय क्षति’’ है। उन्होंने कहा कि चांडी को दी गई विदाई से पता लगता है कि लोगों के मन में उनके प्रति कितना प्यार है।
चांडी का एक दिन पहले बेंगलुरू के एक अस्पताल में निधन हो गया था।
केरल विधनसभा में विपक्ष के नेता वी डी सतीशन, रमेश चेन्निथला और प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष शफी पारांबिल सहित विभिन्न पार्टी नेताओं ने कहा कि चांडी को जिस तरह से विदाई दी गयी है, वह इस बात का संकेत है कि लोगों के मन में उनके प्रति कितना प्यार है और उन्होंने आम लोगों के लिए क्या किया था।
चांडी के पार्थिव शरीर को एक विशेष बस से कोट्टायम ले जाये जाने के दौरान कांग्रेस नेताओं ने संवादाताओं के साथ बातचीत में कहा कि सड़क के दोनों ओर हजारों लोग कतार में अपने प्रिय नेता की एक झलक पाने के लिये खड़े हैं और उनकी आंखों में आंसू हैं।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह इस बात का संकेत है कि लोगों के मन में उनके प्रति कितना प्यार है और उन्हें किस कदर जनसमर्थन प्राप्त था।
सतीशन ने कहा कि सड़क किनारे खड़े लोगों की आंखों में अपने प्रिय नेता के जाने का गम साफ दिख रहा था। उन्होंने कहा, ‘‘(यह ऐसा था) मानो उन्होंने अपने किसी करीबी प्रियजन को खो दिया हो।’’
उन्होंने कहा कि खराब मौसम के बावजूद सभी उम्र और सभी वर्ग के लोग उनकी अंतिम झलक के लिए घंटों इंतजार करते रहे। उन्होंने कहा, ‘...यह उनके प्रति लोगों के प्रेम को दर्शाता है। हमारे (पार्टी के) लिए वह एक अपूरणीय नेता हैं। हममें से कोई भी वह नहीं कर सकता जो वह कर सकते थे।’’
चेन्निथला ने कहा कि केरल के लोग चांडी को ऐसी भावभीनी विदाई दे रहे हैं और यह देखकर उनके पास कुछ कहने के लिये शब्द नहीं हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘वह केरलवासियों के लिए सबसे अधिक स्वीकार्य नेता थे। यह केरल के लोगों द्वारा किसी शख्सियत को दी गई सबसे बड़ी विदाई है।’’
पारांबिल ने कहा कि इस यात्रा में देरी हुई क्योंकि बस की गति धीमी थी और चांडी के अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग रास्ते में मौजूद थे।
उन्होंने कहा, ‘‘आठ किलोमीटर की दूरी तय करने में हमें दो घंटे से अधिक का समय लग गया। इसका कारण यह है कि वह अपनी आखिरी यात्रा में भी अकेले नहीं हैं। जनता उनके साथ है। उनके निधन के बाद लोग अकेले रह गए हैं।’’
पारांबिल ने कहा कि यह चांडी से सीखने का भी मौका है, जिन्होंने अपने खिलाफ अनुचित आलोचना, अपमान और हमलों के बावजूद कभी अपनी "अच्छाई" नहीं छोड़ी। उन्होंने कहा, "इसलिए, लोगों ने भी उनका साथ नहीं छोड़ा।"
इस बीच, पार्टी महासचिव के सी वेणुगोपाल ने ट्वीट किया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी बृहस्पतिवार को चांडी के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे।
उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘कल ओमान चांडी जी के अंतिम संस्कार में राहुल गांधी जी शामिल होंगे। भारी मन के साथ, हम कल कोट्टायम के पुथुप्पल्ली में अपने प्रिय नेता को विदाई देंगे।’’
पार्टी सूत्रों ने बताया कि केरल के दो बार मुख्यमंत्री रह चुके चांडी का बेंगलुरु के एक निजी अस्पताल में कैंसर के उपचार के दौरान निधन हो गया। वह 79 साल के थे।
मंगलवार को उनके पार्थिव शरीर को तिरुवनंतपुरम लाए जाने के बाद, कांग्रेस के दिग्गज नेता की अंतिम झलक पाने के लिए हजारों लोग उमड़ पड़े।
मुख्यमंत्री पिनराई विजयन, उनके कैबिनेट सहयोगियों, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं के साथ-साथ सांस्कृतिक और धार्मिक नेताओं ने मंगलवार को राज्य की राजधानी में चांडी को श्रद्धांजलि दी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY