एजेंसी न्यूज

Sensex Update: शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन गिरावट, सेंसेक्स 69.68 अंक और टूटा

वैश्विक बाजारों के नकारात्मक रुख के बीच स्थानीय शेयर बाजारों में बृहस्पतिवार को लगातार दूसरे दिन गिरावट रही और सेंसेक्स 69.68 अंक टूटकर बंद हुआ.

Sensex Update: शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन गिरावट, सेंसेक्स 69.68 अंक और टूटा
Sensex

मुंबई, 3 नवंबर : वैश्विक बाजारों के नकारात्मक रुख के बीच स्थानीय शेयर बाजारों में बृहस्पतिवार को लगातार दूसरे दिन गिरावट रही और सेंसेक्स 69.68 अंक टूटकर बंद हुआ. अमेरिका के केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में 0.75 प्रतिशत की वृद्धि के बाद वैश्विक बाजारों में गिरावट का प्रभाव घरेलू बाजार पर भी पड़ा. तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 69.68 अंक या 0.11 प्रतिशत घटकर 60,836.41 पर बंद हुआ. कारोबार के दौरान एक समय यह 420.95 अंक तक गिर गया था.

इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 30.15 अंक या 0.17 प्रतिशत की गिरावट के साथ 18,052.70 पर आ गया. सेंसेक्स के शेयरों में में टेक महिंद्रा, पावरग्रिड, एनटीपीसी, इन्फोसिस, विप्रो, एचडीएफसी, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और महिंद्रा एंड महिंद्रा प्रमुख रूप से गिरावट में रहे. दूसरी तरफ भारतीय स्टेट बैंक, टाइटन, भारती एयरटेल और हिन्दुस्तान यूनिलीवर के शेयरों में लाभ दर्ज हुआ. एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग गिरावट में बंद हुए. यूरोप में बाजार गिरावट में कारोबार कर रहे थे तथा अमेरिकी बाजार वॉल स्ट्रीट भी बुधवार को गिरकर बंद हुआ. यह भी पढ़ें : रिलायंस कैपिटल कमेटी ऑफ क्रेडिटर्स की शुक्रवार को होगी बैठक, चैलेंज मैकेनिज्म पर होगा फैसला

जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर, ‘‘फेडरल रिजर्व के ब्याज दरों में आक्रामक वृद्धि करने का निर्णय वैश्विक बाजारों के लिए भारी पड़ा, क्योंकि निवेशक कम वृद्धि की उम्मीद कर रहे थे.’’ उन्होंने कहा, ‘‘फेडरल रिजर्व के प्रमुख जेरोम पावेल ने आगाह किया कि दरों का स्तर केंद्रीय बैंक के अपेक्षा से अधिक है. साथ ही उन्होंने आगामी बैठकों में ब्याज दरों में 0.75 प्रतिशत से कम की वृद्धि का संकेत भी दिया है.’’ इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.16 प्रतिशत बढ़कर 95.04 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया. शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक पूंजी बाजार में शुद्ध लिवाल बने हुए हैं. उन्होंने बुधवार को 1,436.30 करोड़ रुपये के मूल्य के शेयर खरीदे.

(The above story first appeared on LatestLY on Nov 03, 2022 04:24 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).