आगरा, 25 जून आगरा में रविवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जीआईसी मैदान आगरा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश का कद बढ़ा है।
रक्षा मंत्री ने कहा कि आगरा के लोगों से उनका जीवंत रिश्ता रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत का कद बढ़ा है। पहले लोग अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की बात को गंभीरता से नहीं लेते थे और कहते थे कि भारत एक गरीब देश है। लेकिन आज सारी दुनिया कान खोलकर सुनती है कि भारत क्या बोल रहा है। इसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जाता है।’’
राजनाथ सिंह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने लोकतंत्र की हत्या की थी और 23 साल की उम्र में उन्हें जेल में डाला गया था। उन्होंने कहा कि उनको 16 माह तक जेल में रहना पड़ा था।
उन्होंने कहा कि कुछ ताकतें चाहती हैं कि मोदी प्रधानमंत्री नहीं बनने चाहिए। रक्षा मंत्री ने कहा, ‘‘एक शायर ने कहा है ‘जुगनू ने शराब पी ली है, अब सूरज को भी गाली दे रहा है’ । इसी तरह कुछ लोगों पर जल्दी सत्ता पाने का नशा चढ़ गया है और वे मोदी को बाहर करना चाहते हैं।’’
उन्होंने बिना नाम लिए राहुल के बयान पर टिप्पणी करते हुए कहा कि एक शख्स हैं जो कहते हैं कि नफरत के बाजार में मुहब्बत की दुकान खोलता हूं। इस पर राजनाथ ने सवाल किया कि फिर वोट क्यों मांगते हैं।
रक्षा मंत्री ने कहा कि जब कांग्रेस के प्रधानमंत्री थे तो वे लाचारी व्यक्त करते थे, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भ्रष्टाचार को खत्म कर सुनिश्चित किया कि भेजी गई पूरी राशि जनता तक पहुंचे।
उन्होंने कहा कि आतंकवाद अब दम तोड़ रहा है। राजनाथ ने कहा, ‘‘मैं रक्षा मंत्री होने के नाते वादा करता हूं कि देश को नहीं झुकने दूंगा, अब सबसे मजबूत फाइटर जेट इंजन भारत में बनेगा, भारत तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है, इसलिए मैं आप लोगों से अपील करता हूं कि वर्ष 2024 में केंद्र में मोदी जी की सरकार को फिर से लाएं।’’
इसके पहले रक्षा मंत्री ने फतेहपुरसीकरी लोकसभा के कागारौल में जनसभा को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस ने आज ही के दिन लोकतंत्र की हत्या कर दी थी जिसे हमेशा याद रखा जायेगा।
उन्होंने कहा, ‘‘आपातकाल के दौरान मेरे जैसे लाखों नेताओं को जेल में डाल दिया गया था। मुझे ढाई माह तक बैरक में तनहा रखा गया और मैंने 16 माह जेल में बिताए थे।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)










QuickLY