देश की खबरें | मुंबई में मरम्मत कार्य के दौरान इमारत की छत ढही, एक मजदूर की मौत

मुंबई, सात अप्रैल मध्य मुंबई के सरकारी जे जे अस्पताल के परिसर में मरम्मत और निर्माण कार्य के दौरान एक इमारत की छत का एक हिस्सा ढहने से 50 वर्षीय मजदूर की मौत हो गयी जबकि एक अन्य मजदूर घायल हो गया। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

नगर निकाय के अधिकारियों ने बताया कि यह घटना बुधवार दोपहर करीब ढाई बजे हुई, जब मेट्रोन बिल्डिंग का कुछ मरम्मत और निर्माण कार्य चल रहा था।

एक अधिकारी ने बताया, ‘‘जे जे अस्पताल परिसर के भीतर मेट्रोन बिल्डिंग के निर्माण के दौरान उसकी छत गिर गयी। उस समय घटनास्थल पर पांच मजदूर काम कर रहे थे, जिनमें से तीन को घटना में चोटें आयी हैं।’’

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस हादसे में मोतीफुल शेख नामक एक मजदूर की मौत हो गयी जबकि मोहम्मद मिस्तर नामक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। मरम्मत कार्य में जुटी एक निजी फर्म के मालिक पर लापरवाही का मामला दर्ज किया गया है।

इससे पहले दिन में अधिकारियों ने कहा था कि मृतक की उम्र 15 वर्ष थी।

बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘जे जे अस्पताल परिसर के अंदर मेट्रोन बिल्डिंग की छत का एक हिस्सा इसके निर्माण के दौरान गिर गया। उस समय वहां पांच मजदूर काम कर रहे थे।’’

पुलिस ने एस एम विशाल डेकोरेटर्स के मालिक के खिलाफ जे जे मार्ग थाने में भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)