देश की खबरें | विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के प्रभाव के कारण रसोई गैस सिलेंडर का मूल्य घटाया गया: ममता

कोलकाता, 29 अगस्त पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को कहा कि रसोई गैस सिलेंडर (एलपीजी) का मूल्य 200 रुपये घटाने का केंद्र का फैसला विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ का प्रभाव है।

इससे पहले दिन में, केंद्र सरकार ने घरेलू रसोई गैस सिलेंडर का मूल्य 200 रुपये घटाने का फैसला किया। वहीं, केंद्र के इस फैसले को मध्य प्रदेश जैसे राज्यों में आगामी विधानसभा चुनावों में कांग्रेस पार्टी के सस्ता एलपीजी सिलेंडर देने के वादे की काट और चुनाव तैयारियों के रूप में देखा जा रहा है।

ममता ने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर कहा, ‘‘अब तक, बीते दो महीने में ‘इंडिया’ गठबंधन की केवल दो बैठकें हुई हैं और आज, हमने देखा कि एलपीजी का मूल्य 200 रुपये घटा दिया गया। यह है ‘इंडिया’ का दम!’’

तृणमूल कांग्रेस प्रवक्ता कुणाल घोष ने भी केंद्र के कदम को लोकसभा चुनावों से पहले एक ‘चुनावी छलावा’ करार दिया।

कोलकाता में 14.2 किलोग्राम रसोई गैस सिलेंडर का मूल्य अभी 1,129 रुपये है,और बुधवार को नया मूल्य प्रभावी होने पर यह घटकर 929 रुपये हो जाएगा।’’

पिछले दो वर्षों में रसोई गैस की कीमतें तेजी से बढ़ी हैं और यह एक बड़ा चुनावी मुद्दा बन गया है।

नयी दिल्ली में, केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने रसोई गैस सिलेंडर का मूल्य घटाने की घोषणा करते हुए इस फैसले को चुनाव से जोड़ने से इनकार किया तथा कहा कि यह ओणम और रक्षा बंधन के अवसर पर महिलाओं को मोदी सरकार की ओर से एक उपहार है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)