हैदराबाद, 27 दिसंबर तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने बुधवार को आरोप लगाया कि पिछली भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) सरकार ने इस आस में विधानसभा चुनाव से पहले 22 टोयोटा लैंड क्रूजर कार खरीदीं कि बीआरस की सरकार दोबारा आएगी और के. चंद्रशेखर राव इन कारों का उपयोग कर सकेंगे।
उन्होंने दावा किया कि इस खरीद के बारे में किसी को पता नहीं था।
जनसंपर्क यात्रा ‘प्रजा पालना’ की शुरुआत करने के बाद रेड्डी ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि पिछली सरकार की ‘‘विफलताओं’’ के कारण तेलंगाना की जनता को कई परेशानियों को सामना करना पड़ रहा है।
‘प्रजा पालना’ कार्यक्रम के माध्यम से कांग्रेस की छह चुनावी गारंटी के लाभ पाने के इच्छुक लोगों द्वारा आवेदन दिए जा सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभालने के बाद, मैंने अधिकारियों से कहा कि वे मेरे लिए नए वाहन न खरीदें, लेकिन पिछली सरकार ने 22 लैंड क्रूजर खरीदीं और उन्हें विजयवाड़ा में रखा। मेरे मुख्यमंत्री बनने के 10 दिन बाद तक मुझे भी इसके बारे में पता नहीं था।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैंने अधिकारियों से पुराने वाहनों की मरम्मत के लिए कहा था ताकि मैं उनका उपयोग कर सकूं। तब अधिकारियों ने मुझे बताया कि पिछली बार हमने (राज्य सरकार ने) 22 लैंड क्रूजर कार खरीदी थीं। ये सभी कार विजयवाड़ा में थीं और तत्कालीन सरकार चाहती थी कि नए मुख्यमंत्री के रूप में केसीआर को शपथ का मौका मिले और कारों को लाया जाए।’’
रेड्डी ने कहा कि जब अधिकारियों ने उन्हें गाड़ियों के बारे में बताया तो उन्हें आश्चर्य हुआ।
मुख्यमंत्री रेड्डी ने तंज कसते हुए कहा, ‘‘प्रत्येक वाहन (लैंड क्रूजर) की कीमत तीन करोड़ रुपये है क्योंकि वे बुलेटप्रूफ हैं। केसीआर ने इस तरह से राज्य के लिए संपत्ति बनाई है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY