नयी दिल्ली, 22 मई राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने चक्रवात अम्फान के कारण जान-माल को हुए नुकसान के बाद की स्थिति के बारे में जानने के लिए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से शुक्रवार को बात की।
उन्होंने दोनों को आश्वस्त किया कि राष्ट्र संकट की इस घड़ी में हरसंभव तरीके से प्रभावित लोगों की मदद के लिए साथ खड़ा है।
कोविंद ने ट्वीट किया, “चक्रवात अम्फान के बाद, मैंने पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से बात कर चक्रवात के कारण जान-माल को बड़े पैमाने पर हुई क्षति के बाद की स्थिति जानी।”
उन्होंने कहा, “मैंने उन्हें बताया कि संकट की इस घड़ी में राष्ट्र प्रभावित लोगों की हरसंभव तरीके से मदद करने के लिए एकजुट है। मुझे भरोसा है कि आधिकारिक तंत्र राहत एवं बचाव का प्रभावी अभियान चलाने के लिए कड़ी मेहनत कर रहा है।”
राष्ट्रपति ने उम्मीद जताई कि इन राज्यों के प्रभावित इलाकों में जीवन बहुत जल्द सामान्य हो जाएगा।
उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा, “मैंने ओडिशा के राज्यपाल, प्रोफेसर गणेशी लाल और मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से आज बात की और चक्रवात अम्फान द्वारा हुई बर्बादी के मद्देनजर लोगों की कुशलता को लेकर अपनी चिंता जाहिर की।”
कोविंद ने कहा,“मैंने उन्हें बताया कि संकट की इस घड़ी में, राष्ट्र हरसंभव तरीके से प्रभावित लोगों की मदद के लिए साथ खड़ा है। मैं प्रार्थना और उम्मीद करता हूं कि क्षेत्र जल्द से जल्द इस संकट से मजबूती से उबरे।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)













QuickLY