जरुरी जानकारी | घरेलू हवाई यात्रियों की संख्या 30 अप्रैल को 4.56 लाख के नए रिकॉर्ड पर

नयी दिल्ली, एक मई घरेलू हवाई यात्रियों की संख्या रविवार को किसी एक दिन में 4,56,082 के सर्वकालिक उच्चस्तर पर पहुंच गई। नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा है कि यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी देश की बढ़ती समृद्धि का प्रतीक है।

देश का घरेलू हवाई यातायात कोरोनोवायरस महामारी के प्रभाव से उबरने के बाद पिछले कई माह से सुधार की राह पर है।

नागर विमानन मंत्रालय ने सोमवार को ट्वीट में कहा, ‘‘भारतीय घरेलू हवाई यात्रियों की संख्या नई ऊंचाई पर और कोविड-पूर्व औसत से कहीं अधिक है।’’

मंत्रालय के अनुसार, रविवार यानी 30 अप्रैल को 2,978 उड़ानों के जरिये 4,56,082 लोगों ने यात्रा की।

इसमें कहा गया है, ‘‘भारत का घरेलू हवाई यातायात सर्वकालिक उच्चस्तर पर पहुंच गया है।’’

कोविड से पहले औसत दैनिक घरेलू यात्रियों की संख्या 3,98,579 थी।

सिंधिया ने ट्वीट में कहा कि देश का नागर विमानन क्षेत्र हर दिन नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।

उन्होंने कहा कि कोविड के बाद घरेलू हवाई यात्रियों की संख्या का रिकॉर्ड पर पहुंचना देश की वृद्धि और समृद्धि का संकेत है।

मार्च में घरेलू एयरलाइंस से 128.93 लाख यात्रियों ने यात्रा की थी, जो एक साल पहले की समान अवधि की तुलना में 21.4 प्रतिशत अधिक है।

नागर विमानन महानिदेशालय के (डीजीसीए) के ताजा आंकड़ों के अनुसार, जनवरी-मार्च में भारतीय एयरलाइंस से यात्रा करने वाले लोगों की संख्या 375.04 लाख रही।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)