देश की खबरें | असम के नामरूप में नया यूरिया संयंत्र पूर्वोत्तर के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होगा: हिमंत

गुवाहाटी, एक फरवरी असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शनिवार को 2025-26 के केंद्रीय बजट में राज्य में यूरिया संयंत्र स्थापित किए जाने की घोषणा की सराहना करते हुए कहा कि यह पूरे पूर्वोत्तर के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होगा।

उन्होंने कहा कि राज्य के लोग लंबे समय से इसकी मांग कर रहे थे।

शर्मा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘असम के लिए यह कितना ऐतिहासिक दिन है! केंद्रीय बजट 2025 में नामरूप में 12.7 लाख मीट्रिक टन क्षमता के यूरिया संयंत्र की घोषणा की गई है, जो असम के लोगों की लंबे समय से मांग थी।’’

उन्होंने कहा कि इससे न केवल राज्य को उर्वरक उपलब्धता में आत्मनिर्भरता प्राप्त करने में मदद मिलेगी, बल्कि प्राकृतिक गैस संसाधनों का बेहतर उपयोग भी हो सकेगा।

शर्मा ने कहा, "जगीरोड में सेमीकंडक्टर संयंत्र के बाद यह यूरिया संयंत्र पूरे पूर्वोत्तर के लिए एक बड़ा बदलाव लाने वाला साबित होगा। असम के लोगों की ओर से मैं माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी और माननीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण जी का हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं।’’

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अपने बजट भाषण में कहा कि आत्मनिर्भरता के लिए सरकार ने पूर्वी क्षेत्र में तीन निष्क्रिय यूरिया संयंत्रों को फिर से खोल दिया।

उन्होंने कहा, ‘‘यूरिया आपूर्ति को और बढ़ाने के लिए असम के नामरूप में 12.7 लाख मीट्रिक टन वार्षिक क्षमता वाला एक संयंत्र स्थापित किया जाएगा।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)