नयी दिल्ली, 19 जुलाई मिंटो रोड पुल के अंडरपास में हुए जलभराव की चपेट में आने के कारण रविवार सुबह जिस व्यक्ति का शव तैरता मिला, उसे अंतिम बार पानी में डूबे अपने वाहन की छत पर बेसब्री से सहायता का इंतजार करते देखा गया था। मृतक के रिश्तेदार ने यह जानकारी दी।
कुंदन कुमार (56) देशव्यापी लॉकडाउन लागू होने से पहले ही दिल्ली आए थे और उन्होंने अपनी बड़ी लडकी की शादी के लिए उत्तराखंड के पिथौरागढ़ लौटने की योजना बनायी थी। हालांकि, उनके परिवार ने कोविड-19 महामारी की स्थिति सामान्य होने तक नहीं आने की सलाह दी थी।
कुमार अपने परिवार में अकेले कमाने वाले थे। उनके परिवार में बुजुर्ग माता-पिता, पत्नी और दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी 22 वर्ष की और छोटी 12 वर्ष की है।
कुमार वाहन के जरिए सामान ढोकर प्रतिमाह करीब 15-20 हजार रुपये कमाकर अपने परिवार को भेजते थे।
यह भी पढ़े | शरद पवार का मोदी सरकार पर तंज, कहा- कुछ लोग सोचते हैं राम मंदिर बनाने से कोरोना वायरस का होगा अंत.
उनके रिश्तेदार प्रीतम सिंह ने कहा कि कुमार शंकर मार्केट के पास ही रहते थे, जहां उन्होंने अपना वाहन खड़ा किया हुआ था। वह सुबह करीब पांच बजे काम पर निकलते थे और शाम को सात बजे तक आ जाते थे।
कुमार जिस वाहन को चलाते थे, उसके मालिक सिंह थे।
सिंह ने कहा कि कुमार को अंतिम बार एक लड़के ने देखा था जोकि उन्हें जानता था और लड़के ने उन्हें बताया कि सुबह करीब साढ़े आठ बजे कुमार मिंटो रोड रेलवे पुल के नीचे पानी में डूबे अपने वाहन ''टाटा ऐस'' पर बैठे थे।
उन्होंने कहा, '' जब वह लड़का सहायता के साथ पहुंचा तो मेरा भाई वहां नहीं था। शायद वह डर गए हों कि बचकर नहीं निकल सकते अथवा वह फिसल गए हों। बाद में उनका शव पानी से निकाला गया।''
दिल्ली पुलिस ने कहा कि वाहन चालक पानी से भरे अंडरपास से अपना वाहन निकालने का प्रयास कर रहा था लेकिन वह फंस गया और ऐसी संभावना है कि वह डूब गया क्योंकि शव पर चोट के कोई निशान नहीं हैं।
प्रीतम सिंह ने कहा, '' मैंने शनिवार शाम को उनसे अंतिम बार बात की थी। आज सुबह करीब साढ़े आठ बजे मुझे फोन आया तो मैंने कुछ लोगों को मिंटो ब्रिज भेजा, जहां कुमार के शव को पानी से बाहर निकाला जा रहा था।''
उन्होंने कहा, '' कुमार घर वापस जाना चाहते थे क्योंकि नवंबर में उनकी बड़ी बेटी की शादी तय थी लेकिन उनके परिवार ने हालात सामान्य होने तक इंतजार करने की सलाह दी थी।''
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY