देश की खबरें | देश में एक दिन में कोविड-19 के सर्वाधिक 17,296 मामले सामने आए
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. देश में शुक्रवार को कोविड-19 के एक दिन में अब तक के सर्वाधिक 17,296 मामले सामने आए। संक्रमण के कुल मामले पांच लाख के करीब पहुंच गए हैं और इसमें लगभग 60 प्रतिशत मामले इसी महीने सामने आए हैं।
नयी दिल्ली, 26 जून देश में शुक्रवार को कोविड-19 के एक दिन में अब तक के सर्वाधिक 17,296 मामले सामने आए। संक्रमण के कुल मामले पांच लाख के करीब पहुंच गए हैं और इसमें लगभग 60 प्रतिशत मामले इसी महीने सामने आए हैं।
महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और आंध्रप्रदेश में एक दिन में कोविड-19 के सबसे अधिक मामलों की पुष्टि हुई । लगातार सातवें दिन देश में संक्रमण के 14,000 से ज्यादा मामले आए हैं ।
यह भी पढ़े | कोरोना महामारी को लेकर झारखंड सरकार का बड़ा फैसला, 31 जुलाई तक बढ़ाया लॉकडाउन.
महाराष्ट्र में 5024, तमिलनाडु में 3645 मामले आये, जबकि आंध्रप्रदेश और पश्चिम बंगाल में क्रमश: 605 और 542 मामले सामने आए ।
स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देश में 17,296 नए मामले आने से कोरोना वायरस संक्रमण के कुल मामलों की संख्या बढ़ कर 4,90,401 हो गई है। संक्रमण से 407 और मरीजों की मौत के साथ मृतकों की संख्या 15,301 हो गयी है ।
आंकड़ों के विश्लेषण से पता चलता है कि एक जून से 26 जून के बीच 2,99,866 मामले आए ।
मंत्रालय ने कहा है कि संक्रमणमुक्त होने की दर 58.24 प्रतिशत हो गयी है ।
कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के बीच असम सरकार ने घोषणा की है कि शुक्रवार से राज्य भर में शाम सात बजे से 12 घंटे का रात्रि कर्फ्यू लागू रहेगा और 28 जून आधी रात से कामरूप (महानगर) जिले में 14 दिन का संपूर्ण लॉकडाउन रहेगा।
उधर, तेलंगाना में हैदराबाद के सबसे बड़े थोक बाजार बेगम बाजार के दुकानदारों ने रविवार से आठ दिनों तक दुकानें बंद रखने का फैसला किया है।
असम के स्वास्थ्य मंत्री हेमंत बिस्व सरमा ने कहा कि गुवाहाटी में 15 जून से अब तक कोरोना वायरस के 762 मामले सामने आ चुके हैं और उनमें से 677 ने हाल में कोई यात्रा नहीं की थी।
उन्होंने कहा कि कई लोग राज्य में बाहर से लौटे संक्रमित लोगों के संपर्क में आने से संक्रमित हुए।
तेलंगाना में पिछले कुछ दिनों से कोविड-19 के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। राज्य में बृहस्पतिवार को संक्रमण के 920 मामले सामने आए और पांच लोगों की मौत हो गयी। राज्य में अब तक कुल 11,364 लोग संक्रमित हुए हैं और मृतक संख्या 230 हो गयी है।
सरमा ने संवाददाताओं से कहा कि गुवाहाटी में 15 जून से अब तक कोरोना वायरस के 762 मामले सामने आ चुके हैं और उनमें से 677 ने हाल ही में कोई यात्रा नहीं की थी।
स्वास्थ्य मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा कि दिल्ली, चेन्नई, ठाणे, मुंबई, पालघर, पुणे, हैदराबाद, रंगा रेड्डी, अहमदाबाद और फरीदाबाद उन 10 जिलों और शहरों में शामिल हैं जहां 19 जून से 25 जून के बीच बड़ी संख्या में मामले सामने आए हैं। देश में बृहस्पतिवार तक सामने आए कुल मामलों में से 54.47 प्रतिशत इन शहरों और जिलों से संबंधित हैं।
सबसे ज्यादा आबादी वाले उत्तरप्रदेश में संक्रमण के 750 नये मामले सामने आए और 19 लोगों की मौत हुई । कोविड-19 की स्थिति से निपटने के लिए योगी आदित्यनाथ की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मुख्यमंत्री ने व्यापक तैयारी करते हुए कम से कम 85,000 लोगों की जान बचा ली।
राष्ट्रीय राजधानी में कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच रक्त संबंधी सर्वेक्षण (सीरोलॉजिकल सर्वे) शनिवार से शुरू किए जाएंगे। इस सर्वे के जरिए दिल्ली में कोविड-19 का व्यापक विश्लेषण किया जाएगा तथा वैश्विक महामारी से निपटने के लिए एक व्यापक रणनीति बनाने में भी यह सहायक होगा।
केन्द्रीय गृह मंत्रालय के सचिव अजय भल्ला के दिल्ली में कोरोना वायरस संबंधित विभिन्न निर्णयों के क्रियान्वयन की समीक्षा करने के एक दिन बाद यह घोषणा की गई। ये निर्णय 21 जून को केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में की गई बैठक में लिए गए थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 26, 2020 11:43 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

