देश की खबरें | पश्चिम बंगाल के राज्यपाल ने राज्य निर्वाचन आयोग के प्रमुख को बुलाया

कोलकाता, 17 जून पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में हिंसा प्रभावित भांगोर का दौरा करने के एक दिन बाद राज्यपाल डॉ. सी वी आनंद बोस ने राज्य निर्वाचन आयुक्त (एसईसी) राजीव सिन्हा को स्थिति की जानकारी देने के लिए शनिवार को राजभवन बुलाया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

सूत्रों ने बताया कि बोस ने सिन्हा को हिंसा के बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए उठाए गए कदमों की ताजा जानकारी देने के लिए अपराह्न दो बजे राजभवन बुलाया है। इस हिंसा में राज्य में चार लोगों की मौत हो गई।

इस संबंध में एक अधिकारी ने कहा, ‘‘हिंसा के मद्देनजर मौजूदा स्थिति से अवगत कराने के लिए राज्यपाल ने सिन्हा को अपराह्न दो बजे बुलाया है।’’

राज्यपाल ने शुक्रवार को भांगोर का दौरा करने के बाद कहा कि राजनीतिक हिंसा को समाप्त करने के लिए कदम उठाए जाने चाहिए। उन्होंने अपराधियों को न्याय के दायरे में लाए जाने का आश्वासन दिया।

बोस ने वहां के स्थानीय निवासियों और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से बात करने के बाद कहा कि हिंसा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

जिला परिषदों, पंचायत समितियों और ग्राम पंचायतों में लगभग 74,000 उम्मीदवारों का चुनाव करने के लिए राज्य में होने वाले पंचायत चुनावों में पांच करोड़ से अधिक मतदाता मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)