नयी दिल्ली, 13 फरवरी राज्यसभा में बृहस्पतिवार को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आम बजट 2025-26 पर हुई चर्चा का जवाव दिया और इसी के साथ संसद में बजट पारित करने का पहला चरण पूरा हो गया।
वित मंत्री ने एक फरवरी को लोकसभा में आम बजट 2025-26 पेश किया था। इसके बाद संसद के दोनों सदनों में आम बजट पर चर्चा हुई। लोकसभा में वित्त मंत्री ने बजट चर्चा का जवाब मंगलवार को दिया था।
उच्च सदन में आम बजट पर हुई चर्चा में 90 से अधिक सदस्यों ने भाग लिया। वित्त मंत्री ने उच्च सदन में चर्चा का जवाब देते हुए कहा कि सरकार ने इस बार बजट इस प्रकार बनाया है, जिससे विकास को गति मिल सके, समावेशी विकास को हासिल किया जा सके, निजी क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा मिल सके, गृहस्थ लोगों की भावनाओं को बल दिया जा सके तथा भारत के बढ़ते मध्यम वर्ग की प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से क्रय शक्ति बढ़ायी जा सके।
उन्होंने कहा कि बजट में चार वर्गों-गरीब, युवा, अन्नदाता एवं नारी पर विशेष ध्यान दिया गया है ताकि पूरी अर्थव्यवस्था को बल मिल सके। उन्होंने कहा कि सरकार की सभी योजनाओं में इन वर्गों का ध्यान रखा गया है ताकि उन्हें लाभ मिल सके।
बजट पारित होने के अगले चरण में विभिन्न मंत्रालयों की अनुदान मांगों पर संसद की स्थायी समितियां विचार करेंगी। संसद का बजट सत्र 31 जनवरी को शुरू हुआ था और आज पहला चरण संपन्न हो गया। दूसरा चरण 10 मार्च को शुरू होगा। इस अवधि के दौरान संसद की स्थायी समितियां विभिन्न मंत्रालयों की अनुदान मांगों पर विचार करेंगी।
बजट पारित होने के तीसरे और अंतिम चरण में संसद के दोनों सदनों में विभिन्न मंत्रालयों की अनुदान मांगों तथा वित्त विधेयक पर पारित कर उन्हें अनुमति दी जाएगी। बजट पारित करने की प्रक्रिया 31 मार्च तक संपन्न कर ली जाएगी। बजट सत्र चार अप्रैल तक चलना प्रस्तावित है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY