नयी दिल्ली, 26 अप्रैल कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में हुए नक्सली हमले में 10 जवानों की शहादत पर बुधवार को दुख जताया और कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई आखिरी दौर में है और इसमें सरकार की जीत होगी।
पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने इस घटना के बाद छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से फोन पर बातचीत की।
उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में नक्सल विरोधी अभियान में,एक कायराना हमले में हमारे 10 डीआरजी जवान एवं एक चालक की शहादत बेहद दुःखद है। वीरों को विनम्र श्रद्धांजलि। हम शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई आखिरी दौर में है,हमारी सरकार इसमें जीत हासिल करेगी।’’
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘‘इस संदर्भ में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से फोन पर बात हुई। कांग्रेस सरकारों ने नक्सलवाद को खत्म करने के लिए हमेशा कदम उठाए हैं। सबसे ज्यादा कुर्बानियां भी हमारे नेताओं ने दी हैं। हम नक्सलवाद के खिलाफ एकजुट हैं और उससे लड़ते रहेंगे।’’
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ‘‘छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में हुए कायरतापूर्ण नक्सली हमले में 10 डीआरजी जवानों और एक वाहन चालक की शहादत का समाचार दुखद है। इस कठिन वक्त में उनके शोकाकुल परिवारों को अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। सभी वीर शहीदों को मेरा नमन और श्रद्धांजलि।’’
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने ट्वीट कर कहा, ‘‘दंतेवाड़ा में हुए कायराना नक्सली हमले में 10 जवानों व वाहन चालक की शहादत का समाचार दुखद है। आतंक और हिंसा के खिलाफ पूरा देश एकजुट है। हमले में शहीद हुए बहादुर जवानों को विनम्र श्रद्धांजलि। देश सदैव उनका व उनके परिवार का ऋणी रहेगा। शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।’’
पार्टी के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने एक बयान में कहा, ‘‘नक्सली हमले में छत्तीसगढ़ पुलिस के जिला रिजर्व गार्ड के 10 जवानों एवं उनके एक ड्राइवर का शहीद होना बेहद दुखद और स्तब्ध करने वाला है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बताया कि दंतेवाड़ा जिले में यह हमला उस समय हुआ जब इलाके में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर जवान ऑपरेशन के लिए पहुंचे थे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमें भरोसा है कि छत्तीसगढ़ सरकार अन्य सभी संबंधित अथॉरिटीज के सहयोग से नक्सलवाद के खतरे के खिलाफ लड़ाई सफलतापूर्वक जारी रखेगी। कांग्रेस सर्वोच्च बलिदान देने वाले 11 जवानों की बहादुरी को सलाम करती है और दुख की इस घड़ी में उनके परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती है।’’
छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में बारूदी सुरंग में हुए विस्फोट में सुरक्षाबल के 10 जवान शहीद हो गए हैं तथा एक वाहन चालक की भी मृत्यु हुई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के अरनपुर थाना क्षेत्र में नक्सलियों ने बारूदी सुरंग में विस्फोट कर दिया है। इस घटना में जिला रिजर्व गार्ड के 10 जवान शहीद हो गए हैं तथा एक वाहन चालक की मृत्यु हुई है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY