देश की खबरें | यूक्रेन से लौटे छात्रों से मिल कर हवाई अड्डे पर भावुक हुए परिजन

नयी दिल्ली,11मार्च युद्धग्रस्त यूक्रेन के सूमी शहर से शुक्रवार को दिल्ली पहुंचे छात्र जब हवाई अड्डे से बाहर निकल कर लंबे वक्त से इंतजार कर रहे अपने अभिभावकों से मिले तो सभी भावुक हो गए।

हवाई अड्डे पर हर कहीं नम आंखों से बच्चों के अपने अभिभावकों से गले मिलने, मुस्कुराने, मालाएं पहनाने और एक दूसरे को मिठाई खिलाने का दृश्य था। इस दौरान ‘भारत माता की जय’’ और ‘‘मोदी है तो मुमकिन है’’ जैसे नारे भी कुछ लोगों ने लगाए।

युद्धग्रस्त यूक्रेन के सूमी शहर से निकाले गए 240 भारतीय छात्रों को पोलैंड के ज़ेजॉ शहर से लेकर ‘एअर इंडिया’ का एक विशेष विमान शुक्रवार सुबह दिल्ली पहुंचा। विमान ने बृहस्पतिवार रात साढ़े 11 बजे ज़ेजॉ से उड़ान भरी थी और शुक्रवार सुबह पौने छह बजे वह दिल्ली पहुंचा।

ये छात्र देश के विभिन्न राज्यों यानी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड,राजस्थान,गुजरात,पंजाब,हरियाणा आदि से थे।

सूमी स्टेट यूनिवर्सिटी में मेडिकल छात्र धीरज कुमार को आईजीआई हवाई अड्डे पर लेने के लिए उनका परिवार हिमाचल प्रदेश के चंबा से आया था।

धीरज के हवाई अड्डे से बाहर आने पर उनके परिजनों ने उन्हें गले लगाया और रोने लगे। धीरज के पिता ने अपने बेटे को माला पहनायी और वहां मौजूद लोगों को मिठाई भी खिलाई।

कुमार ने पीटीआई- से कहा,‘‘ हम चंबा से आए हैं और आधी रात से इंतजार कर रहे हैं। अब जब मेरा बेटा सकुशल लौट आया है,मेरे सारे दुख दूर हो गये।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)