अहमदाबाद, 21 जून गुजरात का वह युगल वापस लौट आया है जिसे अवैध रूप से अमेरिका जाने के प्रयास में ईरान में बंधक बना लिया गया था। नगर पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि अपहरणकर्ताओं ने 10 लाख रुपये की फिरौती लेने के बाद दंपती को छोड़ा।
अहमदाबाद की कृष्णानगर पुलिस ने मंगलवार को दो एजेंट अभय रावल और पिंटू गोस्वामी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। दोनों एजेंट ने दंपती को कथित तौर पर ईरान के रास्ते अमेरिका भेजने का वादा किया था।
पुलिस ने कहा कि भारतीय दंड संहिता की धारा 364-ए (अपहरण) और 420 (धोखाधड़ी) के तहत मामला दर्ज किया गया था, लेकिन अभी कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
पुलिस उपायुक्त कानन देसाई ने कहा, "पंकज पटेल और उनकी पत्नी निशा पटेल बुधवार सुबह लौटे। अहमदाबाद अपराध शाखा आगे की जांच कर रही है।"
दोनों को गांधीनगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनका इलाज कर रहे डॉक्टर ने बताया कि पंकज (29) मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना के कारण अब भी गहरे सदमे में हैं और उनकी गर्भवती पत्नी की स्थिति ठीक है।
डॉ उत्सव पटेल ने कहा, "पंकज को अब भी कई बार लगता है कि वह ईरान में ही हैं। वह बहुत परेशान है क्योंकि कैद के दौरान उसे काफी प्रताड़ित किया गया था।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)










QuickLY