देश की खबरें | ''हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार विद्यालयों से ज्यादा शराब के ठेकों को दे रही प्राथमिकता''

शिमला, 10 जून हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता जयराम ठाकुर ने शनिवार को आरोप लगाया कि राज्य की कांग्रेस सरकार ने संसाधन जुटाने के नाम पर विद्यालयों की बजाय शराब की दुकानों को प्राथमिकता दी है।

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार के तहत विकास ठप हो गया है और "तालाबंदी" चर्चा का विषय बन गई है।

मंडी में भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के सम्मान में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ठाकुर ने दावा किया कि एक आंगनबाड़ी के पास शराब की दुकान खोली गई थी और जब स्थानीय निवासियों ने इसका विरोध किया, तो कांग्रेस सरकार ने आंगनबाड़ी को स्थानांतरित कर दिया।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने शराब की दुकान नहीं हटाई और ऐसा संसाधन जुटाने के नाम पर किया गया।

ठाकुर ने कहा, "हिमाचल प्रदेश में सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार के तहत विकास ठप हो गया है और तालाबंदी चर्चा का विषय बन गई है। सरकार स्कूलों को बंद कर रही है और शराब की दुकानों को खोलने का समय बढ़ा रही है।"

उन्होंने यहां जारी एक बयान में कहा कि कांग्रेस व्यवस्था बदलने के वादे के साथ सत्ता में आई थी, लेकिन अब उसका ध्यान संस्थानों को बंद करने और विकास प्रक्रिया को रोकने पर है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने पार्टी को मजबूत करने में कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि वे पार्टी की रीढ़ हैं।

ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार ने पिछले नौ वर्षों में अपनी विकास पहलों के साथ एक इतिहास रचा है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की न केवल भारत में, बल्कि दुनिया भर में सराहना की जा रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)