देश की खबरें | दिल्ली में बेघरों की मौत का मामला विधानसभा की विशेषाधिकार समिति को भेजा गया

नयी दिल्ली, 18 दिसंबर राष्ट्रीय राजधानी में इस सर्दी में 203 बेघर लोगों की मौत होने के भाजपा के आरोप से संबंधित मामले को सोमवार को जांच के लिए दिल्ली विधानसभा की विशेषाधिकार समिति को भेज दिया गया।

विधानसभा में विपक्ष के नेता रामवीर सिंह बिधूड़ी ने दिल्ली पुलिस की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए शुक्रवार को शीतकालीन सत्र के दौरान यह आंकड़ा साझा किया था।

बुराड़ी से आम आदमी पार्टी के विधायक संजीव झा ने बिधूड़ी के बयान का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने दिल्ली पुलिस की वेबसाइट की पड़ताल की और जून से 15 दिसंबर तक दिल्ली में बेघर लोगों की मौत की संख्या पर महीनेवार आंकड़े मिले।

झा ने कहा, ‘‘जब मैंने मौत का कारण देखा...तो इसे अन्य कारणों के अलावा दुर्घटना या चोट के रूप में उल्लेख किया गया है।’’

झा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा उठाया गया मामला ‘‘विशेषाधिकार’’ का विषय है और उन्होंने भाजपा पर सदन तथा दिल्ली के लोगों को गुमराह करने की कोशिश करने का आरोप लगाया।

आप नेता ने मामले को ‘‘संवेदनशील’’ बताया और विधानसभा अध्यक्ष राम निवास गोयल से मामले को विशेषाधिकार समिति के पास भेजने का आग्रह किया।

इसके बाद गोयल ने झा के प्रस्ताव को सदन के समक्ष रखा, जिसने मामले को जांच के लिए विशेषाधिकार समिति को भेज दिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)