देश की खबरें | मुरैना के पास शताब्दी से टकराया ऊंट, दो घंटे खड़ी रही ट्रेन

मुरैना, सात मई मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में शनिवार को रेलवे ट्रैक पर शताब्दी एक्सप्रेस से एक ऊंट के टकरा जाने के बाद ऊंट के शरीर के अंग इंजन में फंस गये जिससे ट्रेन लगभग दो घंटे तक वहीं खड़ी रही। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के निरीक्षक हरिकेश मीणा ने बताया कि घटना मुरैना से करीब दस किलोमीटर दूर हेतमपुर रेलवे स्टेशन के पास सुबह करीब नौ बजे हुई जब शताब्दी एक्सप्रेस दिल्ली से भोपाल की ओर जा रही थी।

उन्होंने कहा कि एक ऊंट रेलवे ट्रैक पर चला गया और शताब्दी एक्सप्रेस से टकराने के बाद उसके शरीर के अंग कटकर इंजन में फंस गए जिसके बाद ट्रेन को घटनास्थल पर ही रोक दिया गया। उन्होंने बताया कि घटना में कोई यात्री हताहत नहीं हुआ है।

मीणा ने कहा कि इंजन से मृत जानवर के शरीर के अंगों को निकालने में लगभग दो घंटे का समय लग गया जिसके बाद ट्रेन को गंतव्य के लिए रवाना किया जा सका।

उन्होंने कहा कि इस संबंध में मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि शताब्दी एक्सप्रेस (12002) नई दिल्ली से भोपाल के रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के बीच चलती है।

दिमो

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)