देश की खबरें | केरल में चर्च परिसर के कुएं में मिला पादरी का शव

कोट्टायम, 22 जून केरल के कोट्टायम जिले में एक चर्च परिसर में स्थित कुएं में सोमवार को 51 वर्षीय एक कैथोलिक पादरी मृत मिले। पादरी जिस आर्चडायोसीज से संबद्ध थे उसने उनकी मौत को “अप्राकृतिक” बताया है।

पुलिस जहां इस मामले के खुदकुशी होने का संदेह जता रही है वहीं साइरो-मालाबार चर्च के आर्चडायोसीज ने कहा कि पादरी को उच्च रक्तचाप था और वह कुछ दिनों पहले चर्च परिसर में लगी आग में कुछ लोगों के घायल होने के बाद से बेहद तनाव में थे।

यह भी पढ़े | कोरोना के मणिपुर में 57 नए मरीज पाए गए: 22 जून 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

पुन्नातुरा के सेंट थॉमस चर्च के पादरी फादर जॉर्ज एत्तूपराईल के गुमशुदा होने की शिकायत पुलिस में रविवार को दर्ज कराई गई थी जिसके बाद हुई जांच के दौरान पुलिस को उनका शव मिला।

अग्निशमन विभाग की सहायता से पुलिस ने शव को कुएं से बाहर निकाला।

यह भी पढ़े | चीन ने माना, लद्दाख में भारतीय जवानों से झड़प में गई PLA जवानों की जान.

पुलिस के अनुसार पादरी सायरो मालाबार चर्च के चंगनासरी आर्चडायोसीज से संबंद्ध थे और उन्होंने फरवरी में ही पदभार संभाला था। वह चर्च के पास ही रहते थे।

पुलिस ने बताया कि पादरी रविवार से लापता थे और चर्च के कर्मचारियों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराने से पहले खुद उन्हें ढूंढने की कोशिश की थी।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पीटीआई- को बताया कि शुरुआती जांच में यह खुदकुशी का मामला लग रहा है। हालांकि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम के बाद ही पता चल पाएगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)