देश की खबरें | गिरफ्तार किये गए आरोपी ने दावा किया है कि दो समाचार चैनलों ने उसे पैसे दिए थे: मुंबई पुलिस
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

मुंबई, 27 अक्टूबर कथित फर्जी टीआरपी रैकेट मामले की जांच कर रही मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने मंगलवार को कहा कि गिरफ्तार किए गए एक आरोपी ने दावा किया है कि उसे ऐसे कुछ घरों को देने के लिये दो टीवी चैनलों से पैसे मिले थे जिनमें टीआरपी का पता लगाने के लिहाज से बार-ओ-मीटर लगे थे।

मुंबई पुलिस की एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया कि जिन चैनलों से गिरफ्तार आरोपी को पैसा मिल रहा था उनमें रिपब्लिक टीवी और न्यूज नेशन शामिल हैं।

यह भी पढ़े | IPL-13: सनराइजर्स हैदराबाद ने दिल्ली कैपिटल्स को 88 रनों से हराया: 27 अक्टूबर 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

रिपब्लिक टीवी ने दावों के खारिज करते हुए कहा कि यह टीवी चैनल को निशाना बनाने के मुंबई पुलिस प्रमुख के प्रयासों का हिस्सा है।

पुलिस की विज्ञप्ति में कहा गया है कि नजदीकी ठाणे के निवासी आरोपी ने रविवार को अपराध शाखा के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया था, जिसके बाद अपराध खुफिया इकाई ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

यह भी पढ़े | Bihar Elections 2020: पहले चरण के लिए बिहार में चुनाव कल, 71 सीटों पर 1,066 प्रत्याशियों के भविष्य का होगा फैसला.

विज्ञप्ति के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह रिपब्लिक और न्यूज नेशन चैनल से पैसे ले रहा था।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि पूछताछ के दौरान यह भी पता चला है कि हंसा और रिपब्लिक टीवी का संचालन करने वाले एआरजी आउटलायर मीडिया प्राइवेट लिमिटेड के बीच पैसे का सिलसिलेवार लेन-देन हुआ था।

हंसा रिसर्च ग्रुप प्राइवेट लिमिटेड ही ब्रॉडकास्ट ऑडियंस रिसर्च काउंसिल (बार्क) के बार-ओ-मीटर लगाने और उनकी देखभाल के लिये जिम्मेदार है।

पुलिस ने कहा था कि बार्क केन्द्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय तथा भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण के तहत काम करती है और वह टीआरपी की गणना करने के लिये कुछ घरों में मीटर लगाती है।

विज्ञप्ति में कहा गया था कि जिन लोगों के घरों में ये मीटर लगाए गए थे उन्होंने स्वीकार किया है कि उन्हें टीवी चालू रखने के लिये वित्तीय लाभ मिला था।

मुंबई पुलिस इस मामले में अब तक दो चैनलों के मालिकों समेत 10 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)