अमरावती, 19 फरवरी तेलुगु देसम पार्टी (टीडीपी) के नेतृत्व वाली राजग सरकार ने रमजान के दौरान आंध्र प्रदेश में सभी मुस्लिम कर्मचारियों को दो मार्च से 30 मार्च तक काम से एक घंटा जल्दी छुट्टी देने की अनुमति दे दी है।
भाजपा की राज्य इकाई ने इस कदम का स्वागत किया है। हालांकि, भाजपा का आंध्र प्रदेश में अपनाया गया रुख पड़ोसी राज्य तेलंगाना में इसी मामले पर पार्टी के रुख के बिल्कुल विपरीत है। तेलंगाना में कांग्रेस की सरकार है।
भाजपा नेता एस. यामिनी शर्मा ने कहा कि दक्षिणी राज्य में सत्तारूढ़ गठबंधन के हिस्से के रूप में भाजपा ‘सबका साथ, सबका विकास’ के सिद्धांतों को कायम रखती है।
अपने हालिया परिपत्र में सरकार ने कहा, ‘‘वह इस्लाम धर्म को मानने वाले सभी कर्मचारियों को दो मार्च से 30 मार्च तक पवित्र महीने रमजान के दौरान सभी कार्य दिवसों में अपने कार्यालयों/स्कूलों को बंद होने के समय से एक घंटा पहले छोड़ने की अनुमति देती है।’’
यह परिपत्र प्रमुख सचिव (राजनीतिक) मुकेश कुमार मीणा द्वारा जारी किया गया।
यह छूट सभी मुस्लिम अनुबंधित और आउटसोर्स कर्मचारियों को दी गई है, जिसमें वार्ड और पंचायत कार्यालयों में काम करने वाले कर्मचारी भी शामिल हैं। हालांकि, मीणा ने कहा कि यह अनुमति उन परिस्थितियों में नहीं दी जाएगी, जब कर्मचारियों को अपने-अपने विभागों में उपस्थित रहने की आवश्यकता होगी।
आंध्र प्रदेश में भाजपा ने इस कदम का स्वागत किया।
यामिनी शर्मा ने बुधवार को ‘पीटीआई-’ से कहा, ‘‘हमारा मार्गदर्शक सिद्धांत ‘अंत्योदय’ और ‘सबका साथ, सबका विकास’ है। हम इसी दृष्टिकोण का पालन करते हैं। भाजपा हमेशा जाति, पंथ या धर्म की परवाह किए बिना ‘सबका साथ, सबका विकास’ का समर्थन करती है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY