देश की खबरें | बीड मे हिरण का शिकार करने के आरोपी को लॉरेंस बिश्नोई के नाम से मिली धमकी, पुलिस ने जांच शुरू की

मुंबई, नौ मार्च महाराष्ट्र के बीड जिले में पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्थानीय पदाधिकारी सतीश भोसले को जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम से सोशल मीडिया अकाउंट से धमकी मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि यह धमकी फर्जी हो सकती है।

अधिकारी ने बताया कि भोसले उर्फ ‘खोक्या’ पर हिरण का शिकार करने का आरोप है और फेसबुक अकाउंट से दी गई धमकी इसी संबंध में थी।

सोशल मीडिया के उपयोगकर्ता ने लॉरेंस बिश्नोई का नाम लेते हुए हिरण का शिकार करने के लिए भोसले की गिरफ्तारी की मांग की है। संदेश में कहा गया है, ‘‘हिरण हमारे भगवान हैं। खोक्या माफी के लायक नहीं है।’’

बीड पुलिस थाना के अधिकारी ने बताया, ‘‘फेसबुक अकाउंट फर्जी हो सकता है। हमने सोशल मीडिया फर्म को इस बारे में जानकारी देने के लिए लिखा है। अभी तक कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है।’’

संयोग से, वन विभाग भोसले के शिकारी होने के आरोपों की जांच कर रहा है और उसने कई स्थानों पर तलाशी भी ली है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)