देश की खबरें | खरगे की जगह थरूर को होना चाहिए कांग्रेस अध्यक्ष: विजय दर्डा

नयी दिल्ली, 30 मई लोकमत मीडिया समूह के अध्यक्ष और पूर्व सांसद विजय दर्डा ने मंगलवार को कहा कि मल्लिकार्जुन खरगे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं लेकिन पार्टी को अध्यक्ष के रूप में शशि थरूर की जरूरत है।

दर्डा से यहां उनकी पुस्तक के विमोचन के मौके पर कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव के बारे में पूछा गया था। उन्होंने यह भी कहा कि वह दोनों नेताओं की तुलना नहीं कर रहे।

उन्होंने कहा, ‘‘मैंने यह नहीं कहा कि थरूर कांग्रेस अध्यक्ष खरगे से बेहतर हैं। खरगे बहुत वरिष्ठ नेता हैं। लेकिन वरिष्ठों को आशीर्वाद देना चाहिए।’’

दर्डा की पुस्तक ‘रिंगसाइड- अप, क्लोज एंड पर्सनल ऑन इंडिया एंड बियांड’ का विमोचन कांग्रेस नेता शशि थरूर और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के मीडिया सलाहकार रहे संजय बारू ने किया।

पिछले साल अक्टूबर में कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव में खरगे ने थरूर को हरा दिया था।

इस बारे में पूछे जाने पर दर्डा ने कहा, ‘‘खरगे वरिष्ठ नेता हैं, लेकिन कांग्रेस को शशि थरूर की जरूरत है। हमें युवाओं को आकर्षित करना है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘अच्छी बात है कि कांग्रेस ने चुनाव कराया। उनके पास शशि थरूर जैसे उम्मीदवार थे जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध हैं। उन्हें समर्थन नहीं मिला।’’

दर्डा ने कहा कि खरगे नौ बार सांसद बने हैं, उन्हें कर्नाटक का मुख्यमंत्री क्यों नहीं बनाया गया?

कांग्रेस से तीन बार राज्यसभा सदस्य रहे दर्डा ने यह भी पूछा कि इतने सारे वरिष्ठ नेताओं ने कांग्रेस क्यों छोड़ दी।

उन्होंने कहा, ‘‘बड़े नेता कांग्रेस से बाहर क्यों जा रहे हैं? गुलाम नबी आजाद की तरह। उन्हें सब कुछ मिला, उन्होंने क्यों छोड़ दी? मैं सोच रहा हूं कि भाजपा के पास किस तरह की चुंबकीय शक्ति है?’’

दर्डा ने कहा कि उन्होंने कई बार पार्टी नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी को पत्र लिखकर यह विषय उठाया है।

उन्होंने कहा, ‘‘यदि मैं कांग्रेस में हूं तो मुझे बोलने का अधिकार है। अगर मैं पार्टी के लिए काम करता हूं तो मुझे सवाल उठाने का हक है। अगर मैं राष्ट्र हित में सवाल पूछता हूं तो क्या यह बगावत है?’’

दर्डा ने यह भी कहा, ‘‘कांग्रेस को छोड़कर किस दल में आंतरिक लोकतत्रं है?’’

यह पुस्तक लोकमत मीडिया समूह के अखबारों और देश के अन्य प्रमुख राष्ट्रीय तथा क्षेत्रीय अखबारों में 2011 से 2016 के बीच प्रकाशित दर्डा के साप्ताहिक आलेखों का संकलन है।

विमोचन समारोह में भाजपा नेता वरुण गांधी और विनय सहस्रबुद्धे, राकांपा नेता प्रफुल्ल पटेल, बसपा नेता दानिश अली, नेशनल कॉन्फ्रेंस के फारूक अब्दुल्ला और भाकपा के डी राजा शामिल हुए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)