लखनऊ, 28 फरवरी महाकुंभ 2025 के सफल आयोजन के लिए उत्तर प्रदेश विधान परिषद में शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
विधान परिषद में, सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सदस्य विजय बहादुर पाठक ने शुक्रवार को प्रस्ताव रखा कि यह सदन तीर्थराज प्रयाग में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन और राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व में महाकुंभ 2025 के सफल आयोजन तथा 66 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं द्वारा पावन त्रिवेणी में स्नान का पुण्य प्राप्त करने को लेकर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के प्रति कृतज्ञता पूर्वक धन्यवाद ज्ञापित करता है।
पाठक ने बताया कि सदन ने महाकुंभ के सफल आयोजन के लिए मोदी-योगी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस बीच विधान परिषद से जारी एक बयान में कहा गया कि विजय बहादुर पाठक ने महाकुम्भ के सफलतापूर्वक आयोजन हेतु आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी व उत्तर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री योगी जी के प्रति कृतज्ञता पूर्वक धन्यवाद ज्ञापित के संबंध में सूचना दी।
माननीय सभापति श्री कुंवर मानवेन्द्र सिंह ने इस धन्यवाद प्रस्ताव को स्वीकार किया।
उप्र के प्रयागराज में 10 जनवरी से 26 फरवरी तक महाकुंभ का आयोजन किया गया जिसमें 66 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY