देश की खबरें | ठाणेः व्यक्ति को गिरफ्तार करने गए पुलिस दल पर स्थानीय लोगों ने किया हमला, 10 पुलिसकर्मी घायल

ठाणे, नौ नवंबर महाराष्ट्र के ठाणे में एक कथित अपराधी को गिरफ्तार करने गए मुंबई पुलिस के दल पर स्थानीय लोगों ने पथराव किया, जिसमें 10 पुलिकर्मी घायल हो गए। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि मुंबई के अंधेरी पुलिस थाने का एक दल बुधवार और बृहस्पतिवार की दरमियानी रात को एक गंभीर अपराध में शामिल एक व्यक्ति को गिरफ्तार करने के लिए कल्याण के पास अंबिवली में ईरानी बस्ती इलाके में पहुंचा।

अधिकारी के अनुसार, पुलिस के आने की सूचना इलाके में फैल गई और महिलाओं समेत कई स्थानीय लोगों ने उनपर पथराव किया।

उन्होंने बताया कि कल्याण के खडकपाड़ा पुलिस थाने के प्रभारी के मुताबिक, पुलिसकर्मी इस क्षेत्र से परिचित नहीं थे और इस घटना में कम से कम 10 पुलिसकर्मी घायल हो गए।

अधिकारी ने बताया कि पहले भी ईरानी बस्ती में कथित तौर पर अपराधियों को गिरफ्तार करने के प्रयास में पुलिस के कई दलों पर हमले हो चुके हैं।

उन्होंने बताया कि पुलिस दल पर हमले को लेकर मामला दर्ज कर लिया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)