देश की खबरें | ठाणे लिफ्ट हादसा: बिहार निवासी चार श्रमिकों की मौत पर मुख्यमंत्री नीतीश ने जताया दुख

पटना, 11 सितंबर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने महाराष्ट्र के ठाणे में निर्माणाधीन एक बहुमंजिला इमारत की लिफ्ट गिरने से राज्य के समस्तीपुर जिला निवासी चार श्रमिकों की मौत पर दुख जताया है।

उन्होंने इस घटना में बिहार के मृतक श्रमिकों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।

यह हादसा तब हुआ जब श्रमिक काम पूरा करने के बाद 40 मंजिला इमारत से नीचे उतर रहे थे।

मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा सोमवार को यहां जारी एक बयान में कहा गया, ‘‘मुख्यमंत्री नीतीश कुमार महाराष्ट्र के ठाणे के बालकुम इलाके में एक बहुमंजिला इमारत की लिफ्ट गिरने की घटना में बिहार के समस्तीपुर जिले के रहनेवाले चार मजूदरों की मौत से आहत हैं। उन्होंने इस घटना को काफी दुखद बताया है।"

बयान में कहा गया कि मुख्यमंत्री ने इस घटना में जान गंवाने वाले श्रमिकों के शोक संतप्त परिवारों को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री ने श्रमिकों के पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव पहुंचाने के लिये सभी समुचित व्यवस्था करने का निर्देश अधिकारियों को दिया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)