जम्मू, तीन अगस्त जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में एक आतंकवादी-सहयोगी को बृहस्पतिवार को जन सुरक्षा अधिनियम (पीएसए) की सख्त धाराओं के तहत हिरासत में लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि गिरफ्तार आतंकवादी-सहयोगी अब्दुल करीम बट्ट, कट्टर आतंकवादी और हिजबुल मुजाहिद्दीन के कमांडर जहांगीर सरूरी का भाई है।
उन्होंने कहा कि बट्ट को सार्वजनिक शांति की रक्षा और राष्ट्रीय सुरक्षा के मद्देनजर सलाखों के पीछे डाला गया है।
किश्तवाड़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक खलील पोसवाल ने बताया कि हिरासत में लिया गया आंतकवादी-सहयोगी पूर्व में राष्ट्र विरोधी गतिविधियों में शामिल था और इस संबंध में उसके खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) की एक अदालत में बट्ट के खिलाफ मामला चल रहा है।
पोसवाल ने बताया कि बट्ट की मौजूदा गतिविधियां देश की सुरक्षा के लिए खतरा बन रही थीं और समाज में उसकी मुक्त गतिविधियां युवाओं को कट्टरपंथ के रास्ते पर ले जा सकती थीं।
अधिकारी ने कहा कि उसे पीएसए के तहत हिरासत में लिया गया और वह किश्तवाड़ जिला जेल में बंद है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY