देश की खबरें | देश के कई हिस्सों में तापमान सामान्य से कम रहा, कुछ राज्यों में बारिश्
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. देश के कई हिस्सों में शनिवार को वर्षा हुई वहीं कुछ राज्यों में इस मौसम के हिसाब से अधिकतम तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने कहा है कि अनुकूल परिस्थितियां मिलने के कारण दक्षिण पश्चिम मानसून आगे बढ़ रहा है।
नयी दिल्ली, छह जून देश के कई हिस्सों में शनिवार को वर्षा हुई वहीं कुछ राज्यों में इस मौसम के हिसाब से अधिकतम तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने कहा है कि अनुकूल परिस्थितियां मिलने के कारण दक्षिण पश्चिम मानसून आगे बढ़ रहा है।
मौसम विभाग ने आगामी पांच दिनों के दौरान लू नहीं चलने का अनुमान व्यक्त किया है।
यह भी पढ़े | BMC को मुंबई में गैस रिसाव होने की शिकायत मिली : 6 जून 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने अपने दैनिक राष्ट्रीय बुलेटिन में कहा कि गन्नवरम और विजयवाड़ा में (तटीय आंध्र प्रदेश) देश का सबसे अधिक तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री कम है।
यह भी पढ़े | Pregnant Elephant Death In Kerala: तमिलनाडु में गर्भवती हथिनी को शिक्षकों ने कैंडल जलाकर दी श्रद्धांजलि.
भारतीय मौसम विभाग के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा कि इस क्षेत्र में 15 जून तक लू चलने की संभावना नहीं है।
उन्होंने कहा कि 10 जून तक अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होगी किंतु 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे बने रहने की उम्मीद है।
बंगाल की खाड़ी के कम दबाव के चलते नमी से भरी पूर्वी हवाओं के कारण 12 जून और 13 जून को दिल्ली-एनसीआर में बारिश की संभावना है।
दिल्ली में रविवार को आंधी आने की संभावना है और अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।
मुंबई और आस-पास के क्षेत्रों में शनिवार को मानसून पूर्व की वर्षा हुई ।
मौसम विभाग के कोलाबा केंद्र ने शनिवार को पिछले 24 घंटों में सुबह 8.30 बजे तक 18.6 मिमी बारिश जबकि सांताक्रूज़ मौसम ब्यूरो ने इसी अवधि के दौरान 64.9 मिमी वर्षा दर्ज की।
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को मुंबई में बादल छाए रहने के साथ ही हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
शनिवार को बेंगलुरु, हैदराबाद, चेन्नई, कोलकाता, हैदराबाद और पुणे के कुछ हिस्सों में भी बारिश हुई।
मौसम विभाग ने कहा कि दक्षिण पश्चिमी मानसून दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ रहा रहा है। कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और बंगाल की खाड़ी के अधिकांश हिस्सों में अगले दो दिनों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां हैं।
विभाग के एक अधिकारी के अनुसार उत्तर भारत में, राजस्थान के बाड़मेर, जैसलमेर, सीकर, अजमेर और कोटा में पिछले 24 घंटों में शनिवार शाम तक कई बार बारिश दर्ज की गई।
शनिवार को राजस्थान की राजधानी जयपुर सहित कई हिस्सों में बादल छाए रहे, जिससे अधिकांश स्थानों पर अधिकतम तापमान में कुछ डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।
राजस्थान में चुरू 40.9 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा। उसके बाद बीकानेर में अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री, कोटा में 39.1 डिग्री, जैसलमेर और गंगानगर में 38.9 डिग्री, जोधपुर में 38.7 डिग्री, जयपुर में 37.7 डिग्री और अजमेर में 36.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में बाड़मेर, हनुमानगढ़, जैसलमेर, श्रीगंगानगर, अजमेर, अलवर, बांसवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, डूंगरपुर और जयपुर सहित कई जिलों में बादल छाए रहने और तेज हवा चलने का अनुमान जताया है।
उत्तरी राज्यों हरियाणा और पंजाब में अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे बना रहा।
दोनों राज्यों की राजधानी चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 32.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से छह डिग्री कम है।
हरियाणा के अंबाला में अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से पांच डिग्री कम है। करनाल में अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से छह डिग्री कम है।
हिसार का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस जबकि नारनौल में 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पंजाब के अमृतसर में बारिश देखने को मिली और अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से 11 डिग्री कम है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 07, 2020 12:03 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

