हैदराबाद, नौ जून तेलंगाना राज्य लोक सेवा आयोग (टीएसपीएससी) के प्रश्न पत्र लीक मामले की जांच कर रहे हैदराबाद पुलिस के विशेष जांच दल (एसआईटी) ने शुक्रवार को मामले में आरोपपत्र दाखिल किया।
हैदराबाद पुलिस की एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि इस मामले में अब तक 49 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी अभी भी फरार है जो वर्तमान में न्यूजीलैंड में रह रहा है।
प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, टीएसपीएससी के विभिन्न प्रश्नपत्र की खरीद-फरोख्त में 1.63 करोड़ रुपये का लेन-देन किया गया।
इसमें कहा गया, ‘‘आरोपियों की गिरफ्तारी के दौरान जब्त किए गए साक्ष्यों को विशेषज्ञों की राय के लिए केंद्रीय फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला भेजा गया। मामले में विशेषज्ञों की राय मिल गई है और प्रारंभिक आरोपपत्र आज संबंधित अदालत में दाखिल किया गया है।’’
टीएसपीएएसी ने प्रश्नपत्र लीक होने के आरोपों के बीच पांच मार्च को हुई सहायक अभियंता परीक्षा को 15 मार्च को रद्द कर दिया था।
गौरतलब है कि भर्ती परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक होने को लेकर कांग्रेस, भाजपा और अन्य विपक्षी दलों समेत छात्र समूहों द्वारा बड़े पैमाने पर विरोध के बीच टीएसपीएससी ने पूर्व में हुई अन्य भर्ती परीक्षाओं को भी रद्द किया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY