देश की खबरें | तेलंगाना मुठभेड़ मामला : आयोग को मिले 1,365 हलफनामे

हैदराबाद, 17 जुलाई एक पशु चिकित्सक के साथ बलात्कार और हत्या मामले में गिरफ्तार चार आरोपियों की कथित मुठभेड़ में मौत संबंधी जांच के लिए उच्चतम न्यायालय द्वारा गठित तीन सदस्यीय आयोग को 1,300 से अधिक हलफनामे मिले हैं।

शुक्रवार को जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि फरवरी में जारी अधिसूचना के बाद आयोग के कार्यालय को 1,365 हलफनामे मिले हैं।

यह भी पढ़े | हमारी अर्थव्यवस्था की खराब हालत और विदेश नीति ध्वस्त होती देख चीन हुआ आक्रामक: कांग्रेस नेता राहुल गांधी.

कथित मुठभेड़ में मारे गए तीन लोगों के परिवार के सदस्यों ने पांच मार्च को अपने हलफनामे दायर किए थे जबकि घटना में शामिल पुलिस कर्मियों के हलफनामे 15 जून को प्राप्त हुए थे।

उच्चतम न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश वी एस सिरपुरकर की अध्यक्षता वाले न्यायिक आयोग ने तीन फरवरी को पहली बैठक की थी।

यह भी पढ़े | ज्योतिरादित्य सिंधिया और दिग्विजय सिंह सहित 61 राज्यसभा सदस्य 22 जुलाई को ले सकेंगे शपथ.

इसके बाद कोरोना वायरस का संक्रमण फैलने से रोकने के लिए लॉकडाउन लागू होने के कारण इसकी बैठक नहीं हो सकी।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि आयोग के निर्देश के अनुसार पांच फरवरी को सार्वजनिक अधिसूचना जारी की गई थी और घटना से अवगत सभी लोगों को घटना से संबंधित तथ्यों के संबंध में हलफनामे देने को कहा गया था।

पशु चिकित्सक के कथित अपहरण, बलात्कार और हत्या की घटना के दो दिन बाद 29 नवंबर को चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।

साइबराबाद पुलिस ने छह दिसंबर को कहा था कि सभी चार आरोपी उस समय "जवाबी कार्रवाई" में मारे गए जब दो आरोपियों ने पुलिसकर्मियों के हथियार छीन कर उन पर गोलियां चलाईं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)