देश की खबरें | तेलंगाना के मुख्यमंत्री ने सड़क दुर्घटना में राज्य की महिला श्रमिकों की मौत पर शोक व्यक्त किया

हैदराबाद, 17 मई तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव ने बुधवार को पड़ोसी राज्य आंध्र प्रदेश में हुई एक सड़क दुर्घटना में राज्य की छह महिला श्रमिकों की मौत पर दुख व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री ने मृतक महिलाओं के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।

एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए राव ने मिरयालगुडा से सत्तारूढ़ बीआरएस विधायक एन. भास्कर राव को यह निर्देश दिया कि दुर्घटना में घायल लोगों को तत्काल चिकित्सा सुविधा प्रदान की जाए।

इसमें कहा गया है कि भास्कर राव और राज्य मंत्री जी. जगदीश रेड्डी के अनुरोध पर मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये और घायलों को एक-एक लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।

भास्कर राव और जगदीश रेड्डी अविभाजित नलगोंडा जिले के जनप्रतिनिधि हैं तथा दुर्घटना की पीड़िता भी यहीं की रहने वाली हैं।

पुलिस ने बताया कि आंध्र प्रदेश के पलनाडु जिले के एक गांव में बुधवार को तड़के एक ऑटोरिक्शा के तेज रफ्तार से जा रहे एक ट्रक की चपेट में आने से छह महिला श्रमिकों की मौत हो गई और कई घायल हो गए।

हादसा आज तड़के उस समय हुआ जब पड़ोसी राज्य तेलंगाना की महिलाएं राज्य के पलनाडु जिले के पुलीपाडु गांव में मिर्च की फसल काटने के लिए जा रही थीं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)