देश की खबरें | तेजस्वी यादव ने असत्य बोला : नित्यानंद राय

पटना, 30 जुलाई केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने शनिवार को राजद नेता तेजस्वी यादव के उस दावे को खारिज किया, जिसके मुताबिक उन्होंने कथित तौर पर यादव से राष्ट्रीय जनता दल में शामिल होने की इच्छा जतायी थी।

राय ने आरोप लगाया कि बिहार में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ‘‘असत्य’’ बोल रहे हैं।

केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया, ‘‘बिहार में नेता प्रतिपक्ष ने असत्य का सहारा लिया ताकि भ्रम पैदा हो, जिसका उपयोग वह अपने लाभ के लिए कर सकें।’’

केंद्रीय गृह राज्यमंत्री राय ने कहा, ‘‘ लेकिन, उन्हें याद रखना चाहिए कि बिहार में राजग एकजुट है और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में यह अपना कार्यकाल पूरा करेगा।’’

राजद नेता तेजस्वी यादव ने 18 जुलाई को दावा किया था कि भाजपा नेता नित्यानंद राय ने केंद्रीय मंत्रिपरिषद में शामिल होने से पहले उनकी पार्टी में शामिल होने की इच्छा व्यक्त की थी। यादव पत्रकारों के उस सवाल पर जवाब दे रहे थे, जिसका संबंध राजग की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू की तुलना एक मूर्ति से करने से जुड़ा था।

जब यादव का ध्यान इस ओर खींचा गया कि नित्यानंद राय ने भी मुर्मू के बारे में उनकी टिप्पणी की आलोचना करते हुए एक बयान जारी किया है, तो राजद नेता ने मुस्कुराते हुए कहा था, ‘‘उनके बारे में बात मत करें। मंत्री बनने से पहले वह मुझसे मिले थे और मेरी पार्टी में शामिल होने की इच्छा व्यक्त की थी।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)