देश की खबरें | दुकानदार को पैसे देने के विवाद में दोस्तों ने की किशोर की हत्या

गोरखपुर (उप्र), 17 सितंबर गोरखपुर मंडल के महराजगंज जिले में अंडे खाने के बाद दुकानदार को पैसे देने के विवाद में एक किशोर की उसके दोस्तों ने कथित तौर पर हत्या कर दी।

पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि यह घटना महराजगंज जिले के घुघुली गांव की है, जहां दोस्तों के साथ अंडा खाने के बाद दुकानदार को रुपये देने को लेकर विवाद हो गया।

उन्होंने बताया कि विवाद के बाद तीन दोस्तों ने अपने 15 वर्षीय दोस्त चंदन की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी और शव को कोठीभार क्षेत्र के अहिरौली गांव में छोटी गंडक नदी के किनारे एक खेत में छिपा दिया।

सूत्रों ने बताया कि रविवार सुबह पुलिस ने शव बरामद कर लिया और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

उन्होंने बताया कि जांच में पता चला है कि आरोपी चंदन को अहिरौली गांव ले गए, जहां केले के खेत में धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी और मौके से भाग गए।

पुलिस ने बताया कि जब चंदन उस रात घर नहीं लौटा, तो उसके परिजन ने उसकी तलाश शुरू की। जब उन्हें कोई सुराग नहीं मिला, तो उन्होंने शनिवार दोपहर को पुलिस को सूचित किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)