नयी दिल्ली, आठ अगस्त सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) ने मंगलवार को कहा कि उसे सरकार के सार्वजनिक खरीद मंच ‘गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस’ (जीईएम) का नया संस्करण तैयार करने ठेका मिला है।
जीईएम मंच सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, केंद्र और राज्य सरकार के निकायों के लिए एक ऑनलाइन बाजार है, जहां पारदर्शी और कुशल तरीके से आम उपयोग की वस्तुओं और सेवाओं को खरीदा जा सकता है।
जीईएम के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पी के सिंह ने कहा कि अपने अगले अवतार में जीईएम को सरकारी खरीद के लिए एक सर्व-समावेशी मंच बनाने की कल्पना की गई है। इससे कारोबारी सुगमता और पारदर्शिता को बढ़ावा मिलेगा।
सिंह ने कहा, ‘‘हमारे प्रणाली एकीकरण साझेदार के रूप में टीसीएस के साथ हमें भरोसा है कि एक बेजोड़ अनुभव वाले विश्वस्तरीय मंच को तैयार करने में मदद मिलेगी।’’
टीसीएस ने बयान में कहा कि जीईएम का सकल व्यापारिक मूल्य (जीएमवी) आठ लाख से अधिक छोटे और मझोले उद्यमों सहित 65 लाख से अधिक विक्रेताओं और सेवा प्रदाताओं का है। यहां 70,000 खरीदार संगठनों ने दो लाख करोड़ रुपये से अधिक की खरीदारी की है।
बयान में कहा गया, ‘‘अगले छह साल में जीएमवी में छह गुना वृद्धि होगी।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY